जमशेदपुर: सोनारी के मरीन ड्राइव इलाके में बुधवार तड़के सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टला। दोमुहानी के पास LPG से भरे टैंकर को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैंकर का नोजल टूट गया और गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस लीक होने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। LPG टैंकर दोमुहानी की तरफ से मरीन ड्राइव होकर गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने टैंकर को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण टैंकर के टैंक का नोजल क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद उसमें से गैस निकलने लगी।
गैस रिसाव के बाद पुलिस ने बंद कराया रास्ता
टैंकर से गैस रिसने की जानकारी सामने आते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एहतियाती कदम उठाते हुए मरीन ड्राइव मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी।
सड़क पर ट्रैफिक रोककर इलाके को सुरक्षित रखने की कोशिश की गई, ताकि गैस रिसाव के बीच किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
फिलहाल हादसे के बाद मरीन ड्राइव के इस हिस्से में सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की निगरानी में स्थिति को संभालने की कार्रवाई की गई।
इसे भी पढ़े – उषा मार्टिन विश्वविद्यालय के ऑनलाइन कोर्सेज को UGC-DEB की मंजूरी, अब घर बैठे मिलेगी डिग्री
