रांची, 21 अगस्त 2026: डीएवी पब्लिक स्कूल, हेहल में शुक्रवार को स्टेट लेवल डीएवी स्पोर्ट्स-2026 (क्लस्टर-III) का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिनों तक चलने वाली यह खेल प्रतियोगिता 21 से 23 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में शूटिंग, कबड्डी, फुटबॉल, स्केटिंग, स्नूकर और स्विमिंग जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के ट्रेजरार शिवेंद्र नाथ दुबे थे। विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ, डीएवी झारखंड जोन एवं क्लस्टर इंचार्ज विपिन राय ने मुख्य अतिथि के साथ स्पोर्ट्स फ्लैग फहराकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में अंडर-19 और अंडर-17 वर्ग के बॉयज एवं गर्ल्स सहित करीब 1500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यालय के कल्चरल सेक्रेटरी ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि शिवेंद्र नाथ दुबे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व और जीवन में खेल भावना की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह क्लस्टर इंचार्ज विपिन राय ने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में सफलता या असफलता से अधिक महत्वपूर्ण अपनी प्रतिभा का शत-प्रतिशत उपयोग करना है। हार और जीत जीवन के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और मानसिक विकास के लिए पुस्तकीय ज्ञान के साथ खेल भी बेहद आवश्यक हैं। डीएवी संस्थान ज्ञान-विज्ञान के साथ-साथ खेलों पर भी विशेष ध्यान देता है।
उद्घाटन समारोह में डीएवी नीरजा सहाय पब्लिक स्कूल की प्राचार्या किरण यादव, एसआर डीएवी के प्राचार्य तापस घोष, डीएवी सिल्ली की प्राचार्या बुबुन शरण, डीएवी आनंद स्वामी की प्राचार्या डॉ. रेशु चौधरी, डीएवी हेहल सीनियर विंग के एसएचबी कार्तिक, इंचार्ज अनुश्री तथा एनडीजी ब्लॉक की इंचार्ज शालिनी प्रसाद सहित अन्य शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं का संचालन एवं खिलाड़ियों का प्रशिक्षण विद्यालय के स्पोर्ट्स शिक्षकों संजय मंडल, एसएम अजीम, रंजीत सिंह और प्रोलोय कर्माकर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


