बोकारो/कसमार: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार सुबह अपने पैतृक गांव नेमरा से निकलकर अचानक बोकारो जिले के कसमार पहुंच गए। उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन भी थीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क का निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के उनके पहुंचने से स्थानीय लोगों में हलचल और उत्सुकता देखने को मिली।
तीनकोनिया चौक पर चाय-पकौड़ी का लिया स्वाद
कसमार पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन तीनकोनिया चौक स्थित कुणाल जायसवाल की चाय-पकौड़ी की दुकान पर रुके। दोनों ने वहां पकौड़ी खाई। मुख्यमंत्री ने दुकान पर मौजूद ग्रामीणों को भी पकौड़ी खिलाई और उनके बीच कुछ समय बिताया।
मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच देखकर स्थानीय लोग उत्साहित हो गए। इस दौरान लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। मुख्यमंत्री का स्थानीय दुकान पर रुकना और आम लोगों के साथ सहजता से समय बिताना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
वापसी के दौरान सेवाती घाटी का भी लिया जायजा
कसमार-बरलंगा सड़क का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने वापसी के दौरान सेवाती घाटी का भी जायजा लिया। उनके इस अचानक दौरे में एक ओर निर्माणाधीन सड़क की स्थिति का निरीक्षण देखने को मिला, तो दूसरी ओर स्थानीय लोगों के बीच उनका सहज अंदाज भी चर्चा में रहा।
बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के दुकान पर रुककर पकौड़ी खाना और ग्रामीणों के साथ समय बिताना मुख्यमंत्री के दौरे की खास बात रही।
