भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने दुबई स्थित Emirates NBD Bank P.J.S.C. की भारत में संचालित शाखाओं के RBL Bank Limited में विलय को मंजूरी दे दी है। यह व्यवस्था 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगी। इसके बाद Emirates NBD की सभी भारतीय शाखाएं RBL Bank की शाखाओं के रूप में काम करेंगी।
RBI ने 16 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति में विलय की प्रभावी तारीख की जानकारी दी। Emirates NBD की भारत में मुंबई, गुरुग्राम और चेन्नई में तीन शाखाएं हैं। विलय के बाद इनका संचालन RBL Bank के नेटवर्क के तहत होगा।
यह कदम Emirates NBD के RBL Bank में बड़े निवेश के बाद उठाया गया है। 18 जून 2026 को Emirates NBD ने RBL Bank में करीब 2.75 अरब डॉलर यानी लगभग 26,000 करोड़ रुपये का प्राथमिक पूंजी निवेश पूरा किया था। इसके तहत बैंक को RBL Bank की विस्तारित शेयर पूंजी में करीब 60 प्रतिशत हिस्सेदारी मिली।
इस निवेश के लिए Emirates NBD ने 280 रुपये प्रति शेयर की दर से 929.1 मिलियन इक्विटी शेयरों का अधिमान्य आवंटन हासिल किया। इन शेयरों का कुल मूल्य लगभग 26,016 करोड़ रुपये था। इससे पहले मई 2026 में वित्त मंत्रालय ने Emirates NBD को RBL Bank में 74 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने की मंजूरी दी थी।
इस सौदे की घोषणा पहली बार अक्टूबर 2025 में की गई थी। सभी जरूरी नियामकीय मंजूरियां मिलने और अन्य शर्तें पूरी होने के बाद निवेश प्रक्रिया पूरी हुई।
RBI की घोषणा में ग्राहकों की बैंकिंग सेवाओं, खातों या अन्य परिचालन व्यवस्थाओं में संभावित बदलावों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। इस संबंध में आगे दोनों बैंकों की ओर से जानकारी जारी की जा सकती है।
शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर RBL Bank के शेयर 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 378.25 रुपये पर बंद हुए।
इसे भी पढ़े – ₹10 के नोट से चलता था करोड़ों का कोयला तस्करी नेटवर्क….लाला सिंडिकेट की ₹815 करोड़ की संपत्ति पर ED का शिकंजा


