Wednesday, September 9

दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने साउथ जोन के खिलाफ शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए दोहरा शतक जड़ दिया। उन्होंने 301 गेंदों पर 27 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 250 रन बनाए और इसके बाद रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे।

बतौर विकेटकीपर सबसे बड़ा स्कोर

इस पारी के साथ ही ईशान किशन दलीप ट्रॉफी में बतौर विकेटकीपर सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड नमन ओझा के नाम था, जिन्होंने 2014 में 217 रनों की पारी खेली थी।

ईस्ट जोन के तीसरे और खास उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी

ईशान किशन दलीप ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाने वाले ईस्ट जोन के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस सूची में अरुण लाल और सबा करीम पहले से शामिल हैं। इसके अलावा वे रेड-बॉल टूर्नामेंट के फाइनल में दोहरा शतक जड़ने वाले ईस्ट जोन के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। गौरतलब है कि अरुण लाल ने पहले 287 और 214 रन की पारियां खेली थीं, जबकि सबा करीम ने 1995 में नाबाद 200 रन बनाए थे।

चेन्नई की पिच पर विशाल स्कोर की ओर बढ़ी टीम

दूसरे दिन 111 रन से आगे खेलते हुए ईशान ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 270 गेंदों में अपना पहला फर्स्ट क्लास दोहरा शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने कुमार कुशाग्रा (101) और अनुकूल रॉय (45) के साथ भी अहम साझेदारियां निभाईं, जिससे टीम का स्कोर 600 रन के पार पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक ईस्ट जोन ने 6 विकेट पर 633 रन बना लिए थे।

सातवें बल्लेबाज के तौर पर हासिल की उपलब्धि

ईशान किशन दलीप ट्रॉफी के फाइनल में दोहरा शतक बनाने वाले सातवें बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा मंसूर अली खान पटौदी, रमन लांबा, अंशुमन गायकवाड़, यूसुफ पठान, चेतेश्वर पुजारा और यशस्वी जायसवाल कर चुके हैं। साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा इस दौरान डिफेंसिव फील्डिंग के बावजूद ईस्ट जोन के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे।

इसे भी पढ़े – JAC : बिना पेन और यू-डाइस कोड के विद्यार्थी नहीं भर पाएंगे मैट्रिक और इंटर के परीक्षा फॉर्म

 

 

 

Share.
Next Story
आखिर कौन हैं बुंडू के बालूचोर?
Exit mobile version