जमशेदपुर शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 21 चोरी की गाड़ियां बरामद की हैं।

सीनियर एसपी डॉक्टर एहतेशाम वकारीब ने बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य शहर के अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी करते थे और फिर उन्हें ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे पड़ोसी राज्यों में भेज दिया करते थे। इस तरह गिरोह लंबे समय से एक संगठित नेटवर्क के जरिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस अब बरामद वाहनों का मिलान पहले से दर्ज वाहन चोरी के मामलों और प्राथमिकियों से कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये गाड़ियां किन-किन मामलों से जुड़ी हैं। इसके साथ ही गिरोह में शामिल अन्य संभावित सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीनियर एसपी ने बताया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि उनके क्षेत्र में वाहन चोरी से जुड़े जो भी मामले लंबित हैं, उनका जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं आम जनता ने भी पुलिस की इस सफलता की सराहना की है।



