कडरू गोदाम में अनाज नष्ट किए जाने के मामले में निगम ने मांगी पूरी रिपोर्ट, गड्ढों की संख्या और जगह की तस्वीरें देने का निर्देश

रांची। राजधानी के कडरू स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम के गोदाम परिसर में 1098.17 क्विंटल अनाज जमीन में गाड़कर नष्ट किए जाने का मामला अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में खाद्य निगम मुख्यालय ने रांची के जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) सह जिला प्रबंधक से जवाब मांगा है। निगम के प्रबंध निदेशक ने पत्र जारी कर अनाज को जमीन में गाड़ने की वजह, इसके लिए चुनी गई जगह और गड्ढों की संख्या के बारे में स्पष्ट जानकारी देने को कहा है। साथ ही संबंधित स्थल की तस्वीरों के साथ तत्काल जांच प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया है।
7 नवंबर 2026 को जारी पत्र में मुख्यालय ने दो अहम सवाल उठाए हैं। पहला, जब गोदाम परिसर के बाहर अनाज को गाड़ा जा सकता था, तो उसे परिसर के अंदर ही क्यों नष्ट किया गया? दूसरा, 1098.17 क्विंटल अनाज को कितने गड्ढों में गाड़ा गया था? निगम ने इन दोनों सवालों पर स्पष्ट जवाब मांगा है।
मंत्री के निरीक्षण में सामने आया था मामला
पत्र के मुताबिक, कडरू स्थित झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के गोदाम के निरीक्षण के दौरान 1098.17 क्विंटल अनाज जमीन के अंदर गाड़कर नष्ट किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद खाद्य एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय ने 22 अक्तूबर 2026 को इस संबंध में पत्र जारी किया था। खाद्यापूर्ति विभाग की उप सचिव जेसी विनीता केरकेट्टा ने पत्र के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया था।
अब निगम के प्रबंध निदेशक ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पूरे मामले की वास्तविक स्थिति बताते हुए रिपोर्ट भेजने को कहा है। रिपोर्ट में अनाज गाड़ने की जगह, गड्ढों की संख्या और संबंधित स्थल की तस्वीरें देना अनिवार्य किया गया है, ताकि निदेशालय को समय पर प्रतिवेदन भेजा जा सके।
जिला स्तर की रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य निगम ने इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। अब जिला स्तर से मिलने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर अनाज नष्ट किए जाने की परिस्थितियों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के संबंध में आगे की कार्रवाई तय होगी।
इससे पहले सरकार के उप सचिव सुशील कुमार ने 14 मार्च 2026 को पत्र जारी कर निगम के अधिकारियों से तीन बिंदुओं पर तथ्यात्मक प्रतिवेदन मांगा था। पत्र में उल्लेख किया गया था कि तत्कालीन मंत्री के कडरू स्थित गोदाम के निरीक्षण के दौरान परिसर में 1098.17 क्विंटल अनाज जमीन के अंदर गाड़कर नष्ट किए जाने का मामला सामने आया था।
इसे भी पढ़े – दीपावली-छठ पर रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर, रांची होकर चलेगी गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल ट्रेन…जाने पूरी समय सारणी


