जामताड़ा। सोमवार को जिले की अलग-अलग सड़कों पर हुए तीन हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पबिया में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर लोगों ने गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को करीब चार घंटे तक जाम रखा। इस दौरान जातरा का उद्घाटन करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी विरोध का सामना करना पड़ा।

पहला हादसा नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया स्थित केंदुआटांड़ के पास हुआ। गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय आकाश सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई। आकाश उदयपुर में आयोजित जातरा देखने जा रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने रात 8:30 बजे से 12:30 बजे तक हाईवे पर आवागमन रोक दिया। ग्रामीण मुआवजे के साथ सड़क सुरक्षा के इंतजाम की मांग कर रहे थे। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद जाम समाप्त हुआ।
दूसरी दुर्घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र के पोसोई मोड़ के पास रात करीब 10:30 बजे हुई। यहां ट्रैक्टर और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में खरगोकुड़ी निवासी कालू रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, तीसरा हादसा फतेहपुर प्रखंड के डुमरिया गांव के पास हुआ। एक अज्ञात वाहन की टक्कर से कठबरारी निवासी 45 वर्षीय चेतलाल मंडल और 45 वर्षीय श्यामलाल मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। इलाज के दौरान पारा शिक्षक चेतलाल मंडल ने दम तोड़ दिया। वह मध्य विद्यालय कठबरारी में कार्यरत थे। इस हादसे में घायल श्यामलाल मंडल की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।


