रांची: रांची सदर अस्पताल में आज JAPCON हेमेटोपैथोलॉजी CME कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हेमेटोपैथोलॉजी के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान रक्त संबंधी बीमारियों की आधुनिक जांच और उपचार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हेमेटोपैथोलॉजी के क्षेत्र में हो रही नई प्रगति, आधुनिक जांच तकनीकों और उपचार की नई पद्धतियों की जानकारी साझा की।
CME के दौरान विशेष रूप से ब्लड कैंसर और अन्य रक्त संबंधी बीमारियों की पहचान एवं उपचार को लेकर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि आधुनिक तकनीक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के जरिए ऐसी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और आधुनिक सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक कैसे पहुंचाया जाए।
मौके पर रांची सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे।
वहीं, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने कहा कि यह दिन अस्पताल के लिए गर्व और उपलब्धि का है। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में DNB की पढ़ाई शुरू हो चुकी है और इसी क्रम में अस्पताल में पहली बार कंटिन्यूड मेडिकल एजुकेशन यानी CME कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
इसे भी पढ़े – सावन की अंतिम सोमवारी पर देवघर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, जमीन से आसमान तक निगरानी
