रांची। युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई (Junior Chamber International) की ओर से आयोजित बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ की शुरुआत के साथ ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। सात दिनों तक चलने वाले इस व्यापार मेले का आयोजन 7 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस वर्ष एक्सपो उत्सव अपने 29वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। मेले में देश के अलग-अलग शहरों से कारोबारी और उद्यमी अपने उत्पादों के साथ पहुंचे हैं।
आयोजकों के मुताबिक इस बार एक्सपो में करीब 400 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इनमें बड़े ब्रांड्स के साथ स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स और अन्य उत्पादों के स्टॉल शामिल हैं। सभी स्टॉल वातानुकूलित बनाए गए हैं, जिससे खरीदारी और प्रदर्शनी देखने आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।
महिला उद्यमियों के लिए खास पिंक हैंगर
इस बार एक्सपो में महिलाओं को ध्यान में रखते हुए ‘पिंक हैंगर’ तैयार किया गया है। इसमें महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और कारोबार को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। आयोजकों का कहना है कि इसके जरिए महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने और कारोबार को बढ़ाने का मंच मिलेगा।
वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए एक्सपो परिसर में एम्यूजमेंट पार्क बनाया गया है। यहां अलग-अलग तरह के झूले और मनोरंजन की सुविधाएं रखी गई हैं। इससे परिवार के साथ मेले में पहुंचने वाले लोगों के लिए खरीदारी के साथ मनोरंजन का भी इंतजाम किया गया है।
विधायक सीपी सिंह और GST अधिकारी ने किया दौरा
एक्सपो मेले में रांची विधायक सीपी सिंह भी पहुंचे और विभिन्न स्टॉल का भ्रमण किया। उन्होंने जेसीआई के युवा सदस्यों से मुलाकात की और आयोजन के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष नारायण मुरारका और को-ऑर्डिनेटर्स की ओर से विधायक को दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
वहीं GST के सुप्रिटेंडेंट संजीव कुमार झा ने भी एक्सपो परिसर का भ्रमण किया और आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
आज रात 9 से 12 बजे तक खुलेगा नाइट मार्केट
एक्सपो में 3 अक्टूबर को नाइट मार्केट का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत सभी स्टॉल रात 9 बजे से 12 बजे तक खुले रहेंगे। नाइट मार्केट को कार्निवाल थीम पर आयोजित किया जाएगा। इसमें जोकर और फायर जगलर समेत कई आकर्षण लोगों के लिए मौजूद रहेंगे।
आयोजकों को उम्मीद है कि नाइट मार्केट में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे और देर रात तक खरीदारी के साथ मनोरंजन का आनंद लेंगे।
बच्चों और युवाओं के लिए प्रतियोगिताओं की पूरी श्रृंखला
एक्सपो परिसर में 2 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें करीब 150 बच्चों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा ट्रेजर हंट प्रतियोगिता में 15 टीमों के 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया। तंबोला का आयोजन भी किया गया।
आने वाले दिनों में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 3 अक्टूबर को डॉग शो और ‘वॉइस ऑफ एक्सपो’, 4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता, 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग और अंतिम दिन 7 अक्टूबर को योगा प्रतियोगिता और बुटिक्स एक्सपो फैशन शो आयोजित किया जाएगा।
QR कोड से इवेंट और टिकट की सुविधा
इस बार एक्सपो में तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है। आयोजकों के अनुसार, लोग QR कोड के माध्यम से विभिन्न आयोजनों के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा एंट्री टिकट की बुकिंग की सुविधा भी QR कोड के जरिए उपलब्ध कराई गई है।
एक्सपो उत्सव 2026 में कई कारोबारी और ब्रांड पार्टनर भी जुड़े हैं। पंचरत्न स्काईलाइन को प्रिंसिपल स्पॉन्सर बनाया गया है, जबकि टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड बाय पार्टनर हैं। होटल चाणक्य, मोशन, बुद्धा टोयोटा, श्री अलंकार, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, प्रभुजी समेत कई संस्थाएं अलग-अलग श्रेणियों में सहयोगी के रूप में जुड़ी हैं।
जेसीआई के सदस्यों की अहम भूमिका
आयोजन को सफल बनाने में जेसीआई के अध्यक्ष अभिषेक जैन, सचिव साकेत अग्रवाल और विभिन्न को-ऑर्डिनेटर्स एवं पदाधिकारियों की भूमिका रही। एक्सपो की चेयरमैन तृष्णा अग्रवाल, लेडीज विंग की अध्यक्ष खुशबु सिंघानिया और सचिव नलिनी जैन समेत संस्था के कई सदस्यों ने आयोजन की जिम्मेदारियां संभालीं।
एक्सपो के मीडिया प्रभारी वरुण जालान के अनुसार, सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में व्यापार, मनोरंजन, खान-पान और विभिन्न प्रतियोगिताओं को एक साथ जोड़ा गया है। आने वाले दिनों में होने वाले कार्यक्रमों के चलते एक्सपो परिसर में लोगों की आवाजाही और बढ़ने की उम्मीद है।
