आदित्य साहू बोले— छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर कांग्रेस अपना दोहरा रवैया बंद करे, झारखंड में भी उठाए आवाज
नई दिल्ली/रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को झारखंड भाजपा के सभी सांसदों ने नई दिल्ली स्थित मकर द्वार के समक्ष प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस पर छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने झारखंड में हुई भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच की मांग एक बार फिर दोहराई।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दिल्ली में छात्रों के मुद्दे पर आंदोलन करती है, लेकिन झारखंड में JPSC, JSSC CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों पर पूरी तरह मौन है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है तो उसे झारखंड में भी उसी मजबूती से आवाज उठानी चाहिए।
आदित्य साहू ने उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान हुई 19 अभ्यर्थियों की मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन अभ्यर्थियों के परिवारों को राज्य सरकार तत्काल एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी झारखंड आकर छात्रों और युवाओं के सवालों का जवाब दें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि झारखंड में पिछले छह वर्षों के दौरान आयोजित कई भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की शिकायतें सामने आई हैं। उनका कहना था कि इन मामलों की केवल CID जांच पर्याप्त नहीं है और निष्पक्ष जांच के लिए CBI से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार भर्ती घोटालों के मामलों में CID जांच के माध्यम से सच्चाई को दबाने का प्रयास कर रही है। भाजपा का दावा है कि पूर्व के मामलों में भी CID जांच अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी, इसलिए इस मामले में स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराना आवश्यक है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने “हेमंत सोरेन इस्तीफा दो”, “युवाओं के भविष्य का सौदा बंद करो”, “भर्ती परीक्षा घोटाले की CBI जांच कराओ” और “कांग्रेस दोहरी राजनीति बंद करे” जैसे नारे लगाए। इस मौके पर निशिकांत दुबे, बी.डी. राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल समेत कई सांसद मौजूद रहे।
भाजपा ने कहा है कि वह झारखंड के छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को आगे भी लगातार उठाती रहेगी और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होने तक अपना आंदोलन जारी रखेगी।



