गढ़वा: सुबह दूध लेकर घर से निकले राजमिस्त्री शेख कुदुस अंसारी पर गोली चलाए जाने से गढ़वा के गुर्दी गांव में दहशत फैल गई। मंगलवार सुबह गुर्दी पहाड़ के पास हुई इस घटना में गोली उनके सीने में लगी। गंभीर हालत में उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
गुर्दी पहाड़ के पास हुई वारदात
परिजनों के मुताबिक, गुर्दी गांव निवासी शेख कुदुस अंसारी राजमिस्त्री का काम करते हैं और दूध पहुंचाने का काम भी करते हैं। मंगलवार सुबह वह दूध लेकर गढ़वा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गुर्दी पहाड़ के पास गांव के ही कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन्हें गोली मार दी।
गोली लगने के बाद कुदुस अंसारी गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया।
सीने में गोली लगने से हालत गंभीर
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इधर, गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायल से घटना के संबंध में जानकारी ली और इसके बाद टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो गई।
पुराने विवाद को लेकर भी जांच
परिजनों का कहना है कि शेख कुदुस का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। इसी आधार पर पुलिस पुराने विवाद को भी जांच का एक पहलू मानकर आगे बढ़ रही है। इसके अलावा पुलिस गोली चलाने के कारण और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
वारदात के बाद गुर्दी गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस की जांच के बाद ही गोलीबारी के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इसे भी पढ़े – सर्कस देख कर लौट रहे तीन युवकों की भीषण सड़क हादसे में मौत
