14 वर्षीय आदिवासी बच्ची की शिकायत पर POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज, बीजेपी ने विधायक को बर्खास्त करने और निष्पक्ष जांच की मांग की
रांची: कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग आदिवासी बच्ची के साथ कथित यौन शोषण के आरोपों को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में विधायक की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बीजेपी रांची महानगर इकाई ने शुक्रवार को धुर्वा थाना का घेराव किया। प्रदर्शन में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
पढ़ाई का झांसा देकर रांची लाने का आरोप
मामला सिमडेगा जिले की 14 वर्षीय आदिवासी बच्ची से जुड़ा है। बच्ची ने अपने लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि मई 2026 में दो महिलाएं उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ ले गई थीं। आरोप है कि पहले उसे सिमडेगा और फिर रांची स्थित विधायक आवास लाया गया। यहां उससे पढ़ाई कराने के बजाय घरेलू काम कराया जाने लगा।
बच्ची ने अपने आवेदन में मारपीट, दुर्व्यवहार और ठीक से खाना नहीं देने के भी आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, 5 अगस्त 2026 को रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित विधायक आवास में उसके साथ कथित तौर पर यौन शोषण किया गया। बच्ची ने विरोध करने पर धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज
इस मामले में 13 नवंबर को पुलिस ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ FIR दर्ज होने की पुष्टि की। हटिया डीएसपी नीरज कुमार के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बच्ची की मेडिकल जांच और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े बयान दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा रही है। मामले में POCSO एक्ट और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के प्रावधान लगाए गए हैं।
बीजेपी द्वारा विधायक को बर्खास्त और गिरफ्तार करने की मांग
इधर, मामले को लेकर बीजेपी ने धुर्वा थाना का घेराव किया। मौके पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि विधायक को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि अदालत में आरोप सिद्ध होते हैं तो उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
सीमा सिंह ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर सवाल उठाते हुए कहा कि दूसरे राज्यों में महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाली पार्टियां झारखंड में हुई इस घटना पर चुप क्यों हैं।
वहीं, बीजेपी रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने राज्य की इंडिया गठबंधन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार देश और राज्य को शर्मसार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में आदिवासियों के अधिकारों की बात करने वाली सरकार के कार्यकाल में आदिवासी हितों का लगातार हनन हो रहा है।
मामले में पुलिस की जांच जारी है। वहीं, आरोपों की सच्चाई जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।
