रांची की छात्राओं के लिए राष्ट्रपति भवन का भ्रमण यादगार और प्रेरणादायी अनुभव बन गया। रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर सेंट एन्स इंटरमीडिएट कॉलेज की 118 छात्राओं और 17 शिक्षकों व स्टाफ सदस्यों ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थान की गौरवशाली विरासत, ऐतिहासिक महत्व और भव्य स्थापत्य कला को करीब से देखने का अवसर मिला।
दरअसल, कॉलेज प्रबंधन छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के लिए दिल्ली लेकर पहुंचा था। इसी दौरान प्रबंधन ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात कर छात्राओं की राष्ट्रपति भवन देखने की इच्छा जताई और इसके लिए सहयोग का आग्रह किया। छात्राओं की इच्छा को देखते हुए संजय सेठ ने पहल की। उन्होंने दिल्ली स्थित अपनी सहयोगी टीम के माध्यम से राष्ट्रपति भवन प्रशासन से समन्वय स्थापित किया और सभी छात्राओं के भ्रमण की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
राष्ट्रपति भवन की भव्यता और इतिहास से हुईं रूबरू
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन की भव्य इमारत, उसकी स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विरासत को करीब से देखा। उन्हें राष्ट्रपति भवन से जुड़ी व्यवस्थाओं और देश के संवैधानिक ढांचे में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानने का अवसर मिला। छात्राओं ने भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक व्यवस्था और देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा को समझा।
यह भ्रमण उनके लिए किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर देश की महत्वपूर्ण संस्थाओं को प्रत्यक्ष रूप से जानने का अवसर बना। राष्ट्रपति भवन की ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक महत्ता से जुड़ी जानकारी ने छात्राओं के अनुभव को और खास बना दिया।
राष्ट्रपति का जीवन बेटियों के लिए प्रेरणा : संजय सेठ
इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन के आग्रह पर रांची की बेटियों के लिए राष्ट्रपति भवन भ्रमण की व्यवस्था कराई गई। यह गर्व की बात है कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर एक महिला राष्ट्रपति आसीन हैं। उनका जीवन और संघर्ष बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि छात्राएं राष्ट्रपति से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें। ये बेटियां आज राष्ट्रपति भवन से केवल यादें लेकर नहीं लौट रही हैं, बल्कि अपने साथ नए सपने, आत्मविश्वास और प्रेरणा भी लेकर जा रही हैं।
विकसित भारत के निर्माण में बेटियों की होगी अहम भूमिका
संजय सेठ ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश के इतिहास, लोकतंत्र, संविधान और गौरवशाली संस्थानों को समझने का अवसर देते हैं। इससे उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि रांची की ये छात्राएं भविष्य में विकसित भारत @2047 के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
