Wednesday, September 9

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा में पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी ने शुक्रवार को जेएसएससी के नामकुम स्थित कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की। एसआईटी पिछले दो दिनों से लगातार आयोग कार्यालय पहुंच रही है और सचिव सुधीर गुप्ता के सामने दस्तावेजों का सत्यापन भी करा रही है।

एजेंसियों की नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज खंगाले

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पूछताछ में जैसे-जैसे नई जानकारियां सामने आ रही हैं, वैसे-वैसे आरोपियों और संदिग्धों के बयान व दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। सीआईडी ने वेबेल और आईएनसी समेत अन्य कंपनियों की नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं। इनमें इन एजेंसियों की नियुक्ति कब और कैसे हुई, उन्होंने कौन-कौन सी परीक्षाएं आयोजित कीं और जेएसएससी की ओर से उन्हें कब कौन सी जिम्मेदारियां सौंपी गईं, इससे जुड़े कागजात शामिल हैं।

अब तक करीब 250 संदिग्धों से पूछताछ

एसआईटी ने शुक्रवार को भी 22 संदिग्ध अभ्यर्थियों को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था और सभी से बयान लिए गए। अब तक टीम करीब 250 संदिग्धों और सफल अभ्यर्थियों के बयान दर्ज कर चुकी है। नोटिस भेजने और पूछताछ का सिलसिला लगातार जारी है। सभी संदिग्ध सफल अभ्यर्थियों से उनके परीक्षा केंद्र और मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाई जा रही है, साथ ही परीक्षा के दौरान उनकी किन-किन लोगों से बातचीत हुई थी, इसका भी ब्यौरा खंगाला जा रहा है।

पहले भी हो चुकी है छापेमारी और पूछताछ

इससे पहले भी सीआईडी अधिकारी जेएसएससी कार्यालय से छानबीन कर चुके हैं और सचिव सुधीर गुप्ता से लंबी पूछताछ की जा चुकी है। उनके आवास पर भी छापेमारी हो चुकी है। पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेंड टीचर कंपीटिटिव एग्जामिनेशन में गड़बड़ी सामने आने के बाद 17 अगस्त को सीआईडी ने पहली बार जेएसएससी ऑफिस में छापेमारी की थी, जिसके बाद सचिव को दो दिनों तक बुलाकर बयान दर्ज किए गए थे और कई दस्तावेज व डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए थे, जिनका अब सत्यापन किया जा रहा है।

इसे भी पढ़े – दुमका में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, प्रोफेसर सहित 10 लोगों पर FIR दर्ज

 

Share.
Next Story
झारखंड के अंडरवर्ल्ड का यूपी और ‘मीडिया कनेक्शन’!
Exit mobile version