रांची: राजधानी रांची में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार अपराधियों ने झारखंड की गृह सचिव वंदना दादेल की सुरक्षा में तैनात हवलदार अजय कुमार यादव के घर को निशाना बनाया। नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर स्थित आवास से चोर नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गये। घटना के वक्त हवलदार अपने पूरे परिवार के साथ बिहार के मुंगेर स्थित पैतृक आवास में छठ महापर्व मनाने गये हुए थे।
परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसने के लिए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद वे अंदर पहुंचे और घर के अलग-अलग कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला। अलमारियों में रखे नकदी और जेवरात समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ करने के बाद चोर वहां से निकल गये।
कमरों और अलमारियों में मचाई तोड़फोड़
चोरी के दौरान अपराधियों ने घर के अंदर जमकर उत्पात मचाया। कमरों में सामान बिखेरने के साथ अलमारियों को भी खंगाला गया। इतना ही नहीं, घर के कई दरवाजों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह आसपास के लोगों ने जब मकान का टूटा हुआ ताला और दरवाजों की हालत देखी, तो उन्हें चोरी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने तत्काल हवलदार अजय कुमार यादव और नामकुम थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
फिलहाल परिवार के मुंगेर में होने के कारण चोरी गये सामान का पूरा आकलन नहीं हो पाया है। हवलदार के रांची लौटने के बाद ही पता चल सकेगा कि घर से कितनी नकदी, कितने लाख रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान की चोरी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के मकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। इसके जरिए चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
गृह सचिव की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी के घर में चोरी की इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गयी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है।
