धनबाद: साइबर ठगी के खिलाफ धनबाद पुलिस ने निरसा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पिठाकियारी गांव में छापेमारी कर एक दर्जन से अधिक संदिग्ध साइबर अपराधियों को पकड़ा है। यह कार्रवाई धनबाद एसएसपी के निर्देश पर की गई।

छापेमारी के बाद पकड़े गए सभी संदिग्धों को पूछताछ के लिए चिरकुंडा थाना लाया गया। पुलिस अब उनसे साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क और उसके काम करने के तरीके के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी के लिए किन बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था, कौन-कौन से मोबाइल और सिम कार्ड इस्तेमाल में थे और इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस को पूछताछ से मिलने वाली जानकारी के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। मामले में आगे और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद निरसा इलाके में सक्रिय साइबर अपराधियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।


