झारखंड भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने महिला आरक्षण और परिसीमन (Delimitation) के मुद्दों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा। इस अवसर पर उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने परिसीमन का विरोध करने को लेकर कांग्रेस पर दोहरी राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया। श्रीमती कोड़ा रविवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रही थीं.
लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को मिलेगी मजबूतीः
गीता कोड़ा ने कहा कि महिला आरक्षण देश की आधी आबादी के सशक्तीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम है। इससे भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित होगी और उन्हें संसद तथा राजनीतिक व्यवस्था में अपनी आवाज बुलंद करने के साथ-साथ अपने क्षेत्र का सीधा प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नीति-निर्माण में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस विधेयक के लागू होने से निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भूमिका सुदृढ़ होगी और समाज के हर वर्ग की महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
महिलाओं का प्रतिनिधित्व पूरे देश का विषय, ध्वनि मत से पारित हो बिलः
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक को सभी राजनीतिक दलों का भरपूर समर्थन मिलेगा और यह ध्वनि मत से पारित होगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं के अधिकार और उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सवाल किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का विषय है, जिस पर सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर साथ आना चाहिए।
परिसीमन में लोकसभा की 50 प्रतिशत सीटें बढ़ने का दावा, झारखंड को होगा सीधा लाभः
परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध को लेकर भाजपा ने तीखे सवाल उठाए। गीता कोड़ा ने दावा किया कि परिसीमन के तहत देश में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव है, जिससे झारखंड सहित देश के अन्य राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या बढ़ने से राज्यों और विभिन्न क्षेत्रों को संसद में अधिक प्रतिनिधित्व प्राप्त हो सकेगा। झारखंड जैसे राज्य के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण है, जहां आबादी और क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप प्रतिनिधित्व का मुद्दा लंबे समय से उठता रहा है।
कांग्रेस पर लगाया दोहरे राजनीतिक रवैये का आरोपः
गीता कोड़ा ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए इतिहास की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जब पूर्व में परिसीमन के दौरान झारखंड की विधानसभा और लोकसभा सीटों में कमी होने की बात सामने आई थी, उस समय केंद्र में कांग्रेस की ही सरकार थी। लेकिन आज जब केंद्र सरकार सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही है, तो कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। भाजपा ने इस विरोध को लेकर कांग्रेस की मंशा पर सवाल खड़े किए।
देशहित में सभी विपक्षी दल करें प्रस्तावों का समर्थनः
अंत में गीता कोड़ा ने सभी विपक्षी दलों से अपील की कि वे महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को राजनीतिक विरोध का माध्यम न बनाएं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को देशहित में देखा जाना चाहिए और सभी दलों को इनका समर्थन करना चाहिए, ताकि महिलाओं को उनका उचित अधिकार मिल सके और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सशक्त हो।


