रांची में युवा कांग्रेस ने IYC Better Cities Campaign की शुरुआत की है। अभियान को ‘मेरा शहर, मेरा हक’ नाम दिया गया है। प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि इस मुहिम के जरिए रांची में नगर निगम की सुविधाएं लोगों तक सही तरीके से पहुंच रही हैं या नहीं, इसकी निगरानी की जाएगी। साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मियों की स्थिति को लेकर भी आवाज उठाई जाएगी।
गौरव सिंह ने कहा कि नगर निगम के लिए काम करने वाले सफाई कर्मचारी नालियों और गटर की सफाई करने से लेकर घर-घर कचरा उठाने तक का काम करते हैं। अभियान के तहत यह भी देखा जाएगा कि नगर निगम की ओर से इन कर्मचारियों को क्या सुविधाएं मिल रही हैं और ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर उनके लिए क्या व्यवस्था है। युवा कांग्रेस ने सफाई कर्मियों के लिए लाइफ इंश्योरेंस की मांग भी उठाई है।
प्रेस वार्ता के दौरान गौरव सिंह ने रांची नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रांची में बीजेपी का महापौर है और ज्यादातर पार्षद भी बीजेपी से हैं, इसके बावजूद शहर में अपेक्षित काम नहीं हो रहा है। उन्होंने रांची विधायक सीपी सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल रांची में घूमते हैं, लेकिन काम कुछ नहीं हुआ है।
अगर रांची में सड़क व्यवस्था, जलापूर्ति और स्वच्छता की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और नगर निगम ने इन व्यवस्थाओं को पूरी तरह संचालित नहीं किया, तो युवा कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर युवा कांग्रेस जनता की आवाज बनकर नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ आंदोलन करेगी।
इसे भी पढ़े – मैं ना झुकूँगा, ना रुकूँगा, ना टूटूँगा – पुलिस एसोसिएशन विवाद के बीच जयराम महतो का बड़ा बयान


