रांची। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची में एग्जीक्यूटिव पीएचडी प्रोग्राम के सत्र 2026 की शुरुआत हुई. नये सत्र में विभिन्न क्षेत्रों के 15 अनुभवी पेशेवर शोध करेंगे. इनका चयन विभिन्न चरणों की प्रक्रिया के बाद किया गया है. शोधार्थी फाइनेंस, मार्केटिंग, स्ट्रेटेजी, इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स, ऑपरेशंस, पब्लिक पॉलिसी और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (एचआर) जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े हैं. कार्यक्रम का उद्देश्य पेशेवर अनुभव को अकादमिक शोध से जोड़ना और उद्योग की वास्तविक चुनौतियों के समाधान तलाशना है.
उद्घाटन समारोह में एक्लाइम के पार्टनर सह एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर यज्ञ प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. वहीं, यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो के एडम स्मिथ बिजनेस स्कूल के प्रो. अबरार अली सैयद और कील यूनिवर्सिटी के कील बिजनेस स्कूल के इंटरनेशनलाइजेशन डायरेक्टर प्रो. अभिषेक बहल ऑनलाइन जुड़े. इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव, डीन अकादमिक प्रो. तनुश्री दत्ता और डॉक्टोरल प्रोग्राम एंड रिसर्च के चेयरपर्सन प्रो. मनीष बंसल उपस्थित थे.
पेशेवर अनुभव को शोध से जोड़ने पर जोर
शोधार्थियों का स्वागत करते हुए प्रो. मनीष बंसल ने कोर्सवर्क, कॉम्प्रिहेंसिव एग्जाम और थीसिस रिसर्च की रूपरेखा बतायी. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत पेशेवर अपने कामकाज के साथ पढ़ाई का तालमेल बिठाते हुए कैंपस इमर्शन, अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव और संस्थान के रिसर्च इकोसिस्टम से जुड़ सकेंगे. प्रो. तनुश्री दत्ता ने शोधार्थियों को जिज्ञासु बने रहने और अपने विचारों का दायरा बढ़ाने की सलाह दी.
निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों के पेशेवर अनुभव शोध को नये दृष्टिकोण देते हैं और इंटरडिसिप्लिनरी लर्निंग को बढ़ावा देते हैं. उन्होंने शोधार्थियों को स्कॉलर-प्रैक्टिशनर्स के रूप में तैयार करने पर जोर दिया, ताकि वे व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के साथ प्रबंधन के क्षेत्र में सार्थक योगदान दे सकें.
मुख्य अतिथि यज्ञ प्रकाश ने अपने पीएचडी अनुभव साझा करते हुए कहा कि पेशेवर उपलब्धियों को शोध का स्रोत बनाना चाहिए. वास्तविक जीवन की समस्याओं को शोध में शामिल करने, साथी शोधार्थियों के साथ सहयोग करने और शोध के नतीजों को उद्योग, शिक्षा जगत व समाज के लिए उपयोगी बनाने पर उन्होंने जोर दिया. उन्होंने कहा कि पीएचडी की सफलता पूरी प्रतिबद्धता और लगन से थीसिस पूरी करने में है. समारोह के बाद शोधार्थियों को परिसर की शैक्षणिक सुविधाओं, नियमों और गतिविधियों की जानकारी दी गयी.
