रांची: ओरमांझी में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब पुलिस थाने से चंद कदमों की दूरी पर भी उन्हें डर का अहसास नहीं। ओरमांझी थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित काली मंदिर में बुधवार रात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण उड़ा ले गए।
चौकाने वाली ये है कि इलाके में पुलिस थाना मौजूद है, इसके उपरांत चोरी की घटनाएं लगातार घटती जा रही है। मंदिर में चोरी से महज तीन दिन पहले थाना से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित प्रिया सेल्स के गोदाम का भी ताला तोड़ा गया था। वहां से भी चोर लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए थे।
अगर चोर थाने से महज 100 मीटर दूर मंदिर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर ले जा सकते हैं, तो इलाके में आपराधिक गतिविधियों का कितना बोल बाला होगा ?
पुलिस के लिए बड़ी चुनौती…
लगातार दो चोरी की घटनाओं के बाद अब पुलिस के सामने सिर्फ चोरों को पकड़ना ही केवल चुनौती नहीं है बल्कि इलाके में गश्ती और निगरानी व्यवस्था को भी ठीक करने कि जरुरत है।
लोगों के बीच यह सवाल चर्चा में है कि जब थाना क्षेत्र के सबसे संवेदनशील और व्यस्त इलाके में ही चोर इतनी आसानी से वारदात कर रहे हैं, तो दूर-दराज के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का क्या होगा ?
फिलहाल दोनों घटनाओं में चोरों की तलाश और चोरी किए गए सामान की बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। अब देखना होगा कि थाना से चंद कदमों की दूरी पर हुई इन वारदातों में शामिल चोर पुलिस की पकड़ में कब आते हैं।
