पलामू: पलामू और गढ़वा के लोगों के लिए रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से अच्छी खबर है। डालटनगंज और गढ़वा रोड के रास्ते जयपुर के खातीपुरा स्टेशन तक सीधी साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। संतरागाछी–खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस का परिचालन 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ऑनलाइन माध्यम से इस नई रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे।
इस ट्रेन के शुरू होने से पलामू और गढ़वा के लोगों को जयपुर सहित राजस्थान के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। खासकर शिक्षा, रोजगार, कारोबार और अन्य जरूरी कामों से यात्रा करने वाले लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
सांसद ने लोकसभा से रेल मंत्रालय तक उठाई थी मांग
पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने इस रेल सेवा को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उनके निजी सचिव अलख दुबे की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सांसद ने इस मांग को लोकसभा में नियम 377 और शून्यकाल के दौरान उठाया था। इसके अलावा उन्होंने रेल मंत्रालय को लिखित और मौखिक रूप से मांग से अवगत कराया और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत मुलाकात कर क्षेत्र की जरूरतों को रखा था।
व्यापार, रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सांसद के मुताबिक, नई रेल सेवा से पलामू और गढ़वा की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। राजस्थान तक सीधा रेल संपर्क होने से यात्रियों को यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस रेल सेवा के लिए सांसद विष्णु दयाल राम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है। अब क्षेत्र के लोगों की नजर 26 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस ट्रेन सेवा पर है।


