राँची। राजधानी राँची में सार्वजनिक जगहों पर हुड़दंग, खुले में शराब पीने, लफंगई और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए राँची पुलिस ने शनिवार शाम बड़ा समकालिक जांच अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक संवेदनशील और रणनीतिक स्थानों पर एक साथ पुलिस की टीमें उतरीं। अभियान के दौरान संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच के साथ सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़े को भी हटाया गया।
पुलिस के इस विशेष अभियान की निगरानी एसपी स्तर के अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से और रियल-टाइम में की। वहीं, विभिन्न इलाकों में डीएसपी खुद फील्ड में मौजूद रहे। थाना प्रभारियों और सशस्त्र पुलिस बल के साथ पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया।
चौक-चौराहों से लेकर सुनसान इलाकों तक जांच
अभियान के तहत फिरायालाल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड समेत प्रमुख व्यापारिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जांच की गई। इसके अलावा ओटीसी ग्राउंड, डीआईजी ग्राउंड और मोरहाबादी मैदान परिसर जैसे खुले मैदानों में भी पुलिस ने सघन अभियान चलाया।
पुलिस की नजर स्मार्ट सिटी परिसर, धुर्वा, रिंग रोड से जुड़े सुनसान रास्तों, खाली प्लॉट और अंधेरे वाले संवेदनशील इलाकों पर भी रही। ऐसे स्थानों पर संदिग्ध रूप से मौजूद लोगों की पहचान और तलाशी ली गई।
शराब दुकानों के आसपास भी चला चेकिंग अभियान
शहर की देशी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास, ढाबों, गुमटियों और नुक्कड़ों पर भी पुलिस ने जांच की। इन जगहों पर खुले में शराब पीने और उसके बाद उपद्रव की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखी गई।
100 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान खुले में शराब पीने, संदिग्ध रूप से घूमने और हुड़दंग करने वाले 100 से अधिक लोगों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, सभी को भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त चेतावनी और आवश्यक हिदायत देकर छोड़ा गया। हालांकि, इन सभी के नाम-पते पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज कर लिए गए हैं।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
राँची पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य राजधानी में असामाजिक तत्वों, मनचलों और आदतन अपराधियों पर नकेल कसना है। साथ ही खुले में नशाखोरी, फब्तियां कसने, उपद्रव और सड़क पर होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम करना भी अभियान का हिस्सा है।
पुलिस का लक्ष्य राजधानी में खासकर महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल सुनिश्चित करना है।
पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
राँची पुलिस ने आम लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि, उपद्रव या संदिग्ध व्यक्ति नजर आने पर तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने को सूचना दें।
इसे भी पढ़े – चैंबर चुनाव में टीम तुलसी पटेल ने खोले पत्ते, 32 प्रत्याशियों के साथ मैदान में उतरी टीम


