धनबाद/रांची: डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयराम कुमार महतो की मुश्किलें बढ़ गई हैं। धनबाद जिला स्थित बरवड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर फोन पर गाली-गलौज, धमकी देने तथा समर्थकों संग थाने में घुसकर तोड़-फोड़ करने के आरोप में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन (विशेष शाखा) ने इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए 5 दिनों के भीतर विधायक एवं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर एसोसिएशन आंदोलन और हड़ताल पर जा सकती है।

फोन पर धमकी और थाने में तोड़-फोड़ का आरोप
झारखंड पुलिस एसोसिएशन द्वारा जारी पत्र के अनुसार, घटना 21 अगस्त की रात की है। आरोप है कि विधायक जयराम कुमार महतो ने अपने मोबाइल से बरवड्डा थाना प्रभारी पु०अ०नि० रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, गाली-गलौज की और धमकी दी। पत्र में उल्लेख है कि विधायक ने कहा, “सरकार बदलने दो, तुम झारखंड के जिस थाने में रहोगे तुमको खोजकर तुम्हारी नौकरी बर्बाद कर दूंगा तथा ऑफ ड्यूटी रहने पर सबक सिखाऊंगा।”
उसी रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवड्डा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में घुसकर पुनः गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान टेबल पर रखे सरकारी सामानों को तितर-बितर कर दिया गया और नाम पट्टिका को तोड़ दिया गया।
विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज

एसोसिएशन के अनुसार, इस घटना को लेकर बरवड्डा थाना कांड संख्या 146/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 224, 132, 51(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस एसोसिएशन का कड़ा रुख
झारखंड पुलिस एसोसिएशन (विशेष शाखा, धुर्वा, रांची) के अध्यक्ष विक्की करमाली और सचिव विकास कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा वर्दीधारियों के प्रति इस प्रकार का अमर्यादित आचरण, सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो जारी करना और थाने में घुसकर तोड़-फोड़ करना पूरी तरह अस्वीकार्य है। किसी भी विवाद का समाधान संवैधानिक और विभागीय प्रक्रियाओं के तहत होना चाहिए।
एसोसिएशन ने केंद्रीय कार्यालय के समर्थन से स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समयावधि के भीतर विधि सम्मत प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं की जाती है, तो राज्य भर में पुलिसकर्मी आंदोलन और हड़ताल का निर्णय लेने को बाध्य होंगे।
इसे भी पढ़े – अस्पताल दूर नहीं था, सड़क दूर थी… 2 KM तक कंधों पर ढोई गई बीमार महिला



