हजारीबाग एसपी ने चौपारण थाना में की लंबित मामलों की समीक्षा, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और संगठित अपराध पर सख्ती बरतने को कहा

हजारीबाग। जिले में अफीम की खेती और संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है। चौपारण थाना क्षेत्र में पिछले साल जहां-जहां अफीम की खेती हुई थी, उन स्थानों पर इस बार पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस वर्ष किसी भी परिस्थिति में अफीम की खेती नहीं होने दी जाए। साथ ही खेती में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। शुक्रवार को एसपी ने चौपारण थाना में लंबित कांडों की समीक्षा के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को ये निर्देश दिए।
पुराने ठिकानों पर विशेष निगरानी, फरार आरोपियों की होगी गिरफ्तारी
समीक्षा बैठक में एसपी ने पिछले वर्ष अफीम की खेती वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर दोबारा खेती की आशंका को देखते हुए संबंधित लोगों को चिह्नित किया जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। अफीम की खेती से जुड़े लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर कांडों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
लंबित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान
एसपी ने वर्ष 2026 से पहले और वर्तमान वर्ष में दर्ज सभी लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादन का निर्देश दिया। इसके अलावा थाने में लंबित जमानती और गैरजमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। संगठित अपराध से जुड़े मामलों में भी तेजी लाने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जमीन विवाद और आम लोगों की शिकायतों पर भी निर्देश
बैठक में जमीन विवाद से जुड़े लंबित मामलों की थाना दिवस पर नियमित समीक्षा करने को कहा गया। इसके लिए संबंधित अंचलाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को आम लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनने और उनका समय पर समाधान करने की भी हिदायत दी।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, चौपारण थाना प्रभारी और विभिन्न कांडों के अनुसंधानकर्ता मौजूद रहे। एसपी ने सभी अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन में पूरी गंभीरता बरतने का निर्देश दिया।


