Wednesday, September 9

हजारीबाग: रात के समय सड़क किनारे बेवजह जमघट, सार्वजनिक जगहों पर अड्डेबाजी और मनमानी करने वालों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 4 और 5 सितंबर की दरम्यानी रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने से कई जगहों पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

इस कार्रवाई की निगरानी जिले के पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों ने की। वहीं, थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 49 विशेष टीमों को अभियान में लगाया गया। इन टीमों में करीब 194 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

117 जगहों पर पहुंची पुलिस, 50 लोगों को थाने लाया गया

पुलिस की टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध और अड्डेबाजी वाले स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 117 ठिकानों पर छापेमारी की गई।

इस दौरान पुलिस ने 50 मनचलों और अड्डाबाजों को पकड़ा और उन्हें थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार, थाने में पूछताछ के बाद सभी को सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस ने पकड़े गए लोगों के परिजनों को भी थाना बुलाया। इसके बाद उन्हें पीआर बॉन्ड पर सौंपते हुए चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा इस तरह की गतिविधियों में पकड़े जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

सिर्फ एक रात का अभियान नहीं, आगे भी चलेगा एक्शन

हजारीबाग पुलिस ने साफ किया है कि यह कार्रवाई केवल एक रात तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस की ओर से कहा गया है कि मनचलों, अड्डाबाजों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यानी रात में सार्वजनिक जगहों पर बेवजह जमघट लगाने वालों और माहौल खराब करने वालों पर पुलिस की नजर बनी रहेगी।

फरार अपराधियों की सूचना देने की अपील

पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, अगर किसी इलाके में कोई ऐसा व्यक्ति रह रहा है जो किसी आपराधिक मामले में वांछित है या गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा है, तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना को दी जा सकती है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस संबंधित व्यक्ति का सत्यापन करेगी और जानकारी सही पाए जाने पर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रात के समय सार्वजनिक जगहों पर अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए शुरू किया गया यह अभियान आने वाले दिनों में कितना असरदार साबित होता है, यह अब देखने वाली बात होगी।

इसे भी पढ़े – धनबाद SSP प्रभात कुमार फेम इंडिया टाॅप काॅप में शामिल

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
किताबों का ज्ञान ही नहीं, जिंदगी जीने का हुनर भी सिखाया… शिक्षक दिवस पर बोकारो में गुरुओं को किया गया नमन
Exit mobile version