Wednesday, September 9

रांची। राजधानी रांची के रातू रोड स्थित बिड़ला मैदान में गुरुवार, 3 सितंबर को कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। पूरे आयोजन स्थल पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का आयोजन समिति के अध्यक्ष उत्तम यादव एवं मुख्य संरक्षक मृत्युंजय सिंह के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता में रांची और आसपास के क्षेत्रों से पहुंची विभिन्न टीमों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में बजरंग दल मल्टी मांडर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि शिव शक्ति क्लब मल्टी मांडर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

महिला टीम ने भी लिया हिस्सा

इस आयोजन की खास बात महिला टीमों की भागीदारी रही। राधा रानी करगे की महिला टीम ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। महिला प्रतिभागियों के जोश और प्रदर्शन की लोगों ने जमकर सराहना की।

कानपुर की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कानपुर से पहुंची स्काई इवेंट ग्रुप की झांकी टीम ने भी अपनी भव्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राकेश सोनी के नेतृत्व में कलाकारों ने भगवान गणेश, राधा-कृष्ण, सुदामा, विष्णु अवतार, मां दुर्गा के काली एवं महिषासुर मर्दिनी स्वरूप, शिव-पार्वती, महाकाल तांडव और नरसिंह अवतार जैसी धार्मिक एवं पौराणिक झांकियां प्रस्तुत कीं।

भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के स्वरूप में सजे बच्चों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय नजर आया।

कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता के दौरान भक्ति, उत्साह, संस्कृति और परंपरा का संगम देखने को मिला। हजारों लोगों की मौजूदगी और प्रतिभागी टीमों के शानदार प्रदर्शन ने आयोजन को यादगार बना दिया।

आयोजन समिति ने प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों, कलाकारों, श्रद्धालुओं, दर्शकों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महामंत्री प्रेम प्रतीक बमबारी, विपुल मिश्रा, दिलीप गुप्ता, निशांत चौहान, रोहित यादव, शुभम, निखिल गुप्ता और प्रकाश सिन्हा समेत समिति के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share.
Next Story
अब टाइगर मोबाइल की हर पेट्रोलिंग होगी ट्रैक, रांची पुलिस ने तैयार किया नया एक्शन प्लान
Exit mobile version