Wednesday, October 14

डुमरी विधायक जयराम महतो ने अब खुद को बागी विधायक का तमगा दे डाला है. बागी विधायक का दावा है कि बरबड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार ने फरजी तरीके से बोकारो के एक कालेज से ITI सर्टिफिकेट लिया है. विधायक का दावा है कि रवि कुमार के खिलाफ वह उच्च स्तरीय जांच की मांग करेंगे.  झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि जयराम महतो ने सोशल मीडिया पर आकर थाना प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. अपने फेसबुक लाइव के दौरान जयराम महतो ने थाना प्रभारी रवि कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें सबसे बड़ा दावा उनके ITI सर्टिफिकेट के फर्जी होने का है.

फर्जीवाड़े के आरोप में घिरे : जयराम महतो ने फेसबुक लाइव कर की उच्चस्तरीय जांच की मांग ​
​जयराम महतो ने सार्वजनिक रूप से कहा कि बरबड्डा थाना प्रभारी का शैक्षणिक/तकनीकी ITI प्रमाण पत्र फर्जी है और उन्होंने अनुचित साधनों के जरिए अपनी सेवाएं हासिल की हैं. महतो ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही प्रमाण पत्रों की प्रामाणिकता की जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे इस मामले को लेकर आगे तक जाएंगे.

​धारा 376 से लेकर कई गंभीर आरोप

जयराम महतो ने रवि कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं. उन्होंने दावा किया है कि रवि कुमार पर धारा 376 के तहत केस दर्ज है. विधायक का दावा है कि टुंडी थाना में दर्ज केस संख्या 79 / 2022 में सारा डिटेल छुपा है.  इसके अलावा थानेदार का अपने ही थाना की एक पुलिसकर्मी के साथ अनैतिक संबंध हैं जिसकी चर्चा पूरे इलाके में है. विधायक का दावा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले अधिकारी खुद संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर पद पर बने हुए हैं.

जब तक एलिट क्लास कुव्यवस्था से नहीं मरेगा सुधार नहीं होगा

आरोपों के दौरान विधायक राज्य  में फैले कुव्यवस्था पर बड़ा बयान दे गए. उन्होंने कहा कि बिजली की तार, सड़क के गडढों, खराब पुल जैसी कुव्यवस्थाओं के शिकार जब तक एलिट क्लास के लोग नहीं होंगे सुधार नहीं होगा. विधायक का कहना है कि जब कोई विधायक, सांसद, IAS, IPS इन कुव्यवस्थाओं का शिकार नहीं बनेगा,  नहीं मरेगा तब तक व्यवस्था नहीं सुधर सकती.

​फेसबुक लाइव की मुख्य बातें:
​जांच की सीधी मांग: पुलिस विभाग और राज्य सरकार से थाना प्रभारी के सभी मूल शैक्षणिक एवं ITI दस्तावेजों की सत्यापन जांच की अपील.

​आंदोलन की चेतावनी: मामले में कार्रवाई न होने पर कानूनी रास्ता अपनाने और प्रशासनिक स्तर पर शिकायत दर्ज कराने का ऐलान.
​इस सनसनीखेज आरोप के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. हालांकि, इस पूरे मामले और जयराम महतो द्वारा लगाए गए आरोपों पर थाना प्रभारी रवि कुमार या पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

जनता से अपील

विधायक ने जनता से अपील की है कि थाना जाइए और वहां अगर आपका काम आसानी से बिना रिश्वत दिए हो जाए तब फेसबुक पोस्ट पर लिख दीजिएगा कि बागी विधायक तुम गलत हो. और अगर काम नहीं होता तो फेसबुक पर ही लिख दीजिएगा कि विधायक सही है. उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ बिगुल फूंकते हुए कह दिया है कि किसी को अगर राज्य में कहीं भी शिकायत हो वह बागी विधायक से संपर्क करे विधायक खुद उनके लिए हल्ला बोल करेंगे.

 

Share.
Next Story
NEET-PG परीक्षा को लेकर रांची में सख्ती, 4 केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा
Exit mobile version