रांची। चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई) के सेवानिवृत्त बिशप ओनिल कुमार तिर्की (ओके तिर्की) का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही सीएनआई छोटानागपुर डायसिस सहित राज्य भर की कलीसियाओं और मसीही समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। दिवंगत बिशप का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रांची स्थित संत पॉल्स कैथेड्रल में रखा जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे कांटाटोली स्थित ऑल सेंट्स कब्रिस्तान में पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ उनकी दफन क्रिया संपन्न होगी।
बिशप तिर्की के निधन पर चर्च के पदाधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। छोटानागपुर डायसिस के बिशप बीबी बास्के ने इसे कलीसिया के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि पूरा डायसिस परिवार उनके विश्वासयोग्य जीवन, समर्पित सेवकाई और सुसमाचार के प्रति उनकी गवाही के लिए परमेश्वर का धन्यवाद करता है। इसके साथ ही डायसिस के सचिव रेव्ह अमृत चरण मुंडू, संत पॉल्स कैथेड्रल के पेरिश प्रिस्ट रेव्ह जोलजस कुजूर, रेव्ह सिरिल हंस और रेव्ह एस डेविड सहित अन्य पुरोहितों एवं विश्वासियों ने भी शोक संवेदना प्रकट की है।
समर्पित रहा पूरा जीवन 13 नवंबर 1939 को जन्मे बिशप ओनिल कुमार तिर्की ने अपना संपूर्ण जीवन मसीही सेवा को समर्पित कर दिया। 14 जून 1964 को संत जॉर्ज चर्च, जमशेदपुर में उनका डीकन आर्डिनेशन हुआ और 13 जून 1965 को रांची के संत पॉल्स कैथेड्रल में उनका पुरोहिताभिषेक संपन्न हुआ। उनकी निष्ठा और सेवाओं को देखते हुए 26 सितंबर 1993 को उन्हें दुर्गापुर डायसिस का बिशप नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने बाइबल सोसाइटी ऑफ इंडिया की रांची ऑक्जीलरी में सचिव के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सक्रिय रहे और डायसिस के कार्यक्रमों में शिक्षा देने के साथ-साथ ‘टॉनिक सोल्फा’ पद्धति से गीत गाने व बजाने का प्रशिक्षण देते रहे।
