झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत झामुमो नेता शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर गुरुवार को रांची स्थित गुरुजी आवास से उनके पैतृक गांव नेमरा के लिए रवाना कर दिया गया। बुधवार रात रांची के एक अस्पताल में रूपी सोरेन के निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित आवास लाया गया था।
नेमरा में रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए बड़ी संख्या में परिजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है। परिवार के करीबी लोगों के साथ-साथ झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के भी नेमरा पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद से ही मुख्यमंत्री आवास और सोरेन परिवार से जुड़े स्थानों पर शोक का माहौल है। बुधवार रात उनके निधन के बाद कई नेता और जनप्रतिनिधि परिवार से मिलने और संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे।
लंबे समय से चल रहा था इलाज
रूपी सोरेन को सांस लेने में तकलीफ के बाद रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान बुधवार शाम उनकी तबीयत गंभीर हो गई और करीब 8:30 से 8:40 बजे के बीच उनका निधन हो गया। अस्पताल के अनुसार, उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था।
रूपी सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे शिबू सोरेन की पत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां थीं। वह लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहीं, लेकिन सोरेन परिवार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने वर्ष 1999 में दुमका लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था।
पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक
रूपी सोरेन के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से अंग्रेजी, हिंदी और संताली में संदेश जारी कर हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और पूरे परिवार के प्रति संवेदना जताई। उनके संदेश का संताली हिस्सा ओल चिकी लिपि में था।
