Wednesday, October 14

बोकारो: सियालजोरी स्थित वेदांता ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्लांट में गैस की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ चास प्रांजल ढांडा के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की है। कमेटी को 72 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी।

रविवार सुबह हुई इस घटना में कंपनी के एक शिफ्ट इंचार्ज और एक इंजीनियर की जान चली गई। प्रशासन के अनुसार, दोनों कार्बन मोनोऑक्साइड गैस की चपेट में आ गए थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

अब जांच में सामने आएंगे घटना से जुड़े तथ्य

दो लोगों की मौत के बाद अब जांच कमेटी घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। उपायुक्त ने निर्धारित समय-सीमा में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसे लेकर विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।

गैस रिसाव नियंत्रित, प्रशासन की निगरानी जारी

जिला प्रशासन के मुताबिक, प्लांट परिसर में गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। एसडीओ चास, फैक्ट्री इंस्पेक्टर, बीडीओ और सीओ समेत संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर रख रहे हैं।

प्रशासन ने आम लोगों से घबराने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर है, जिससे घटना के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share.
Next Story
फ्लाइट में पावर बैंक में लगी आग, अफरा तफरी में दिल्ली-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट को हैदराबाद में करवानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
Exit mobile version