सुरक्षा, विधि व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर, कंट्रोल रूम से CCTV के जरिए हुई लाइव मॉनिटरिंग
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन गुरुवार अहले सुबह बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मेला के सफल संचालन और श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम जलार्पण को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
श्रावणी मेला के पहले दिन उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में बाबा मंदिर में अर्घा व्यवस्था स्थापित की गई। इसके बाद अर्घा के माध्यम से कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच बाबा भोलेनाथ का सुगमतापूर्वक जलार्पण शुरू किया। प्रशासन का उद्देश्य है कि लाखों श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन और जलार्पण की सुविधा उपलब्ध हो।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाबा मंदिर स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम का भी दौरा किया। यहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के जरिए मंदिर परिसर, गर्भगृह, निकास द्वार और अन्य संवेदनशील स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले सभी कांवरियों और श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए, ताकि देवघर से उन्हें बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और सकारात्मक अनुभव का संदेश मिले।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने और मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन प्रशासन की सक्रिय निगरानी, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और सुव्यवस्थित अर्घा प्रणाली के बीच बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जलार्पण शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से प्रारंभ हुआ। प्रशासन ने पूरे मेले के दौरान सुरक्षा, सुविधा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात दोहराई।
SURBHI SHIPRA is a news editor, content writer , and graphic designer with experience in digital journalism and online media . she specializes in editing news ,articles, content writing, fact-checking , and creating engaging digital content . Along with editorial work, She designs eye-catching graphic and YouTube thumbnails . She is committed to delivering accurate, informative , and reader- focused content with creativity and professionalism. currently working as a journalist at Jharkhand Digital



