एसीबी ने राज्य सरकार को भेजी गिरफ्तारी की जानकारी, पांच दिनों की रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ; फर्जी वंशावली के आधार पर 9.65 एकड़ जमीन की हुई थी अवैध खरीद-बिक्री
रांची। रिम्स की जमीन से जुड़े घोटाले में गिरफ्तार छह अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। राज्य सरकार ने सभी गिरफ्तार अधिकारियों को निलंबित करने की तैयारी शुरू कर दी है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने छह अधिकारियों की गिरफ्तारी की सूचना राज्य सरकार को भेज दी है। अब एसीबी के पत्र के आधार पर सरकार उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करेगी।
इधर, मामले की तह तक पहुंचने के लिए एसीबी गिरफ्तार अधिकारियों से पूछताछ करेगी। इसके लिए रांची स्थित एसीबी की विशेष अदालत में सभी छह आरोपितों की पांच दिनों की रिमांड मांगी गई है। कोर्ट से अनुमति मिलते ही अधिकारियों से पूछताछ शुरू होगी। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि जमीन की अवैध खरीद-बिक्री में किन लोगों की भूमिका थी और इस पूरे मामले में अधिकारियों को कहीं से कोई दबाव या संरक्षण तो नहीं मिल रहा था।
छह अधिकारियों की भूमिका की होगी पड़ताल
एसीबी ने इस मामले में रांची सदर के तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता मनोज कुमार रंजन को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में आईएएस अधिकारी और शिक्षा विभाग में निदेशक हैं। इसके अलावा तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार, वैभव मणि त्रिपाठी और राहुल कुमार चौबे को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके साथ बड़गाईं अंचल के तत्कालीन अंचलाधिकारी शैलेश कुमार और तत्कालीन शहर अंचलाधिकारी राजेश कुमार भी जेल भेजे गए हैं।
फर्जी वंशावली के आधार पर हुई थी जमीन की खरीद-बिक्री
जांच में सामने आया कि रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री फर्जी वंशावली के आधार पर अवैध तरीके से की गई थी। इस पूरे प्रकरण में जमीन दलालों, बिल्डरों और अधिकारियों के संगठित गिरोह की भूमिका सामने आई है। करोड़ों रुपये की इस जमीन पर अपार्टमेंट का निर्माण भी करा दिया गया था। बाद में झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद उक्त अपार्टमेंट को ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम के अधिकारी भी जांच के घेरे में
एसीबी ने अब अपार्टमेंट का नक्शा पास करने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच तेज कर दी है। इस कड़ी में रांची नगर निगम के अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। आशंका है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है। अब तक एसीबी इस प्रकरण में कुल 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आने वाले दिनों में रिमांड पर पूछताछ के बाद घोटाले से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं।


