मेदिनीनगर: पलामू के संत मरियम स्कूल की खिलाड़ी स्नेहा कुमारी का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता के लिए हुआ है। 23 से 28 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में स्नेहा झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दिल्ली रवाना होने से पहले विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने स्नेहा से मुलाकात कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना खिलाड़ी की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्नेहा प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगी।
विद्यालय के स्पोर्ट्स टीचर सुमित बर्मन ने स्नेहा के चयन को पूरे विद्यालय और पलामू के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नियमित अभ्यास और प्रोत्साहन दिया जाता है।
स्नेहा के चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।


