रांची: महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर शनिवार को मोराबादी में खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। संजय सेठ ने महान हॉकी खिलाड़ी के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने वहां मौजूद बच्चों और युवा खिलाड़ियों से बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी खेल गतिविधियों के बारे में जानकारी ली और उन्हें लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल के जरिए युवा न केवल खुद को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि अपने राज्य और देश का नाम भी रोशन कर सकते हैं।
मेजर ध्यानचंद के योगदान को किया याद
राष्ट्रीय खेल दिवस हर साल 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस मौके पर कार्यक्रम में खिलाड़ियों और बच्चों को खेलों के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनमें खेल भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन और SAI ने इस अवसर पर राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने और अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं को खेलों से जोड़ने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र नाथ दुबे, एस.के. पांडे, उदय साहू, चंचल भट्टाचार्य, अमरेंद्र दत्त, शैलेन्द्र दुबे और प्रभात रंजन तिवारी मौजूद रहे। वहीं SAI के कोच जगन टोपनो, कमलेश तिवाना, सोमेन्द्र कुमार और चंदन मेहता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इसे भी पढ़े – बोकारो में वोटर लिस्ट पर प्रशासन अलर्ट, छूटे लोगों को अब खोजकर जोड़ा जाएगा नाम


