चतरा: जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में युवक-युवती को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने डाहु के पूर्व मुखिया समेत दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सीनियर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 8 सितंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सिदपा गांव में ग्रामीणों ने एक युवक और युवती को उनके घर में बंद कर रखा है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर अपने साथ ले जाने लगी।
पुलिस को घेरकर शुरू कर दिया पथराव
पुलिस के अनुसार, युवक-युवती को पुलिस अभिरक्षा में गांव से बाहर ले जाने के दौरान भीड़ अचानक उग्र हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया और दोनों को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने का प्रयास करते हुए जवानों पर पथराव शुरू कर दिया।
इस हमले में टंडवा थाना प्रभारी पप्पु कुमार शर्मा और चतरा सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पथराव के दौरान पुलिस के पांच वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
पांच पुलिस वाहनों को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, टंडवा, सराडु, बुकरू, चतरा सदर और सिमरिया थाना से जुड़े वाहनों पर भी भीड़ ने पथराव किया। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की वीडियो रिकॉर्डिंग और स्थानीय चौकीदार की मदद से पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
37 नामजद समेत 300-400 अज्ञात पर केस
इस मामले में पुलिस ने 37 नामजद और करीब 300 से 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने अब तक दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं, अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी अभियान में सबइंस्पेक्टर प्रभात कुमार, अरविंद कुमार, टंडवा थाना रिजर्व गार्ड और सैट के सशस्त्र बल शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
