ज्योतिष में बुध को बुद्धि, वाणी, व्यापार और धन का कारक ग्रह माना जाता है। अब ग्रहों के राजकुमार बुध अपनी उच्च राशि कन्या में प्रवेश करने जा रहे हैं। बुध का यह गोचर कई राशियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इसके प्रभाव से करियर, कारोबार, धन और निर्णय लेने की क्षमता में बदलाव देखने को मिल सकता है।
लखनऊ के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य उमाकांत मिश्रा के अनुसार, बुध का यह राशि परिवर्तन 7 सितंबर 2026 को दोपहर 01 बजकर 35 मिनट पर होगा। बुध कन्या राशि में 26 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 41 मिनट तक रहेंगे।
कन्या राशि में बुध को बेहद मजबूत स्थिति में माना जाता है। इस दौरान भद्र महापुरुष राजयोग का निर्माण होगा। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, इस योग का असर निर्णय क्षमता, वित्तीय प्रबंधन और करियर से जुड़े मामलों में सकारात्मक रूप से देखने को मिल सकता है।
आइए जानते हैं बुध के इस गोचर का सभी 12 राशियों पर क्या असर पड़ सकता है।
इन राशियों के लिए करियर और आर्थिक मामलों में शुभ संकेत
कन्या राशि: बुध आपके लग्न भाव में गोचर करेंगे। यह समय आपके लिए बेहद अनुकूल रहने वाला है। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी, व्यापार में सफलता के योग बनेंगे और कार्यक्षेत्र में आपकी योजनाओं को सराहना मिल सकती है।
सिंह राशि: बुध का गोचर आपके धन भाव में होगा। इससे आर्थिक स्थिति मजबूत होने के संकेत हैं। बजट तैयार करने और बचत पर ध्यान देने के लिए समय अच्छा है। हालांकि, कोई बड़ा खर्च करने से पहले अच्छी तरह विचार करना जरूरी होगा।
धनु राशि: करियर के लिहाज से यह गोचर तेजी लेकर आ सकता है। ऑफिस में वरिष्ठ अधिकारियों और क्लाइंट्स के साथ संबंध बेहतर होंगे। कारोबार से जुड़े फैसले लेते समय तथ्यों और सही जानकारी को प्राथमिकता देना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।
वृषभ राशि: आपकी रचनात्मक क्षमता में निखार आएगा। विद्यार्थियों के लिए भी यह समय अच्छा रहेगा और पढ़ाई पर एकाग्रता बढ़ सकती है।
वृश्चिक राशि: सोशल नेटवर्क और संपर्कों के जरिए नए अवसर मिलने के योग हैं। इन संपर्कों से आर्थिक लाभ भी हासिल हो सकता है।
काम करने के तरीके और कौशल में आएगा सुधार
मेष राशि: बुध का गोचर आपकी कार्यक्षमता और उत्पादकता को बेहतर करेगा। आप पहले की तुलना में ज्यादा व्यवस्थित तरीके से काम कर पाएंगे। हालांकि, सहकर्मियों के साथ अनावश्यक बहस से दूरी बनाए रखना बेहतर होगा।
मिथुन राशि: घरेलू मामलों के साथ-साथ जमीन और संपत्ति से जुड़े फैसलों में तेजी आ सकती है। परिवार के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर तार्किक बातचीत होगी और किसी फैसले पर चर्चा हो सकती है।
कर्क राशि: आपकी बातचीत करने की क्षमता और नेटवर्किंग बेहतर होगी। छोटी दूरी की यात्राएं लाभ पहुंचा सकती हैं। साथ ही किसी नए कौशल को सीखने के लिए भी यह समय अनुकूल रहेगा।
मकर राशि: उच्च शिक्षा, कानूनी मामलों और लंबे समय से बनाए गए लक्ष्यों को पूरा करने में यह गोचर मददगार साबित हो सकता है।
कुछ राशियों को रणनीति के साथ आगे बढ़ना होगा
तुला राशि: आने वाले समय को लेकर नई रणनीति बनाने और पुराने या रुके हुए कामों को पूरा करने का यह अच्छा समय है। रिसर्च से जुड़े लोगों को सफलता मिलने के योग हैं।
कुंभ राशि: संयुक्त वित्त और निवेश से जुड़े मामलों में अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। पूरी जांच-पड़ताल किए बिना किसी भी तरह का वित्तीय जोखिम लेने से बचना बेहतर रहेगा।
मीन राशि: इस दौरान साझेदारी और वैवाहिक जीवन से जुड़े विषय महत्वपूर्ण रहेंगे। व्यापारिक साझेदार या जीवनसाथी के साथ खुलकर बातचीत करने से पुरानी गलतफहमियां दूर हो सकती हैं।
कुल मिलाकर बुध का कन्या राशि में यह गोचर कई राशियों के लिए करियर, कारोबार, धन, शिक्षा और निर्णय क्षमता के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। वहीं कुछ राशियों के लिए यह समय जल्दबाजी से बचते हुए सोच-समझकर फैसले लेने का संकेत दे रहा है।
इसे भी पढ़े – कोकर में अखबार के दफ्तर पर ED की दबिश, दिल्ली-कोलकाता समेत 7 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
