शाहदेव टावर और जगदीश नागपाल के आवास पर पहुंची प्रभात फेरी, सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु हुए शामिल

रांची: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर बुधवार, 18 नवंबर को रांची में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। पीपी कंपाउंड, स्टेशन रोड और कडरू गुरुद्वारा से निकली प्रभात फेरी कडरू स्थित शाहदेव टावर और जगदीश नागपाल के निवास स्थान पर पहुंची। इस दौरान पूरा इलाका ‘वाहेगुरु-वाहेगुरु’ और ‘सतनाम श्री वाहेगुरु’ के जयकारों से गूंज उठा।
शबद-कीर्तन और गुरबाणी से भक्तिमय हुआ माहौल
प्रभात फेरी में शामिल संगत ने शबद-कीर्तन और गुरबाणी के माध्यम से गुरु महाराज की महिमा का गुणगान किया। प्रभात फेरी के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ स्वागत किया। सुबह से ही इलाके में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
प्रेम, सेवा और भाईचारे का दिया संदेश
प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रकाश पर्व को लेकर संगत में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस धार्मिक आयोजन में गुड्डू मल्होत्रा, सोनू सेठी, हरमीत सिंह टिंकू, प्रिंस कोहली, शैलेश नागपाल, रितेश, नितेश और प्रियंका समेत सैकड़ों की संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालु शामिल हुए।


