Wednesday, November 25

अगस्त में हुई थी सातवें सेमेस्टर की परीक्षा, अब तक जारी नहीं हुआ रिजल्ट; आठवें सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म भरने की तैयारी से विद्यार्थियों की बढ़ी चिंता, शिक्षकों की कमी से मूल्यांकन में हो रही देरी।

रांची। रांची विश्वविद्यालय में स्नातक के सातवें सेमेस्टर की परीक्षा देने वाले करीब 40 हजार विद्यार्थी इन दिनों असमंजस में हैं। अगस्त में परीक्षा आयोजित होने के बाद भी अब तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है। विद्यार्थियों को यह तक पता नहीं चल पाया है कि वे सातवें सेमेस्टर में पास हुए हैं या किसी विषय में उन्हें दोबारा परीक्षा देनी होगी। इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने आठवें सेमेस्टर की परीक्षा की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। ऐसे में विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई और परीक्षा को लेकर नई परेशानी खड़ी हो गई है।

यह मामला रांची विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2022-26 के पहले एनईपी बैच का है। विश्वविद्यालय की ओर से सत्र को निर्धारित समय पर पूरा करने की कोशिश की जा रही है। इसी क्रम में सातवें सेमेस्टर का रिजल्ट जारी होने से पहले ही आठवें सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरवाने की तैयारी चल रही है। इससे विद्यार्थियों के मन में कई सवाल हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि सातवें सेमेस्टर का परिणाम जाने बिना आठवें सेमेस्टर की तैयारी किस तरह करें।

एनईपी के नए सिस्टम में पढ़ाई के लिए कम मिल रहा समय

नई शिक्षा नीति (एनईपी) लागू होने के बाद विश्वविद्यालयों में पढ़ाई और परीक्षा का पूरा शैक्षणिक ढांचा बदल गया है। विद्यार्थियों का कहना है कि छह महीने के एक सेमेस्टर में नियमित पढ़ाई के लिए महज दो से तीन महीने ही मिल पा रहे हैं। इसी दौरान मिड सेमेस्टर की परीक्षा भी आयोजित हो जाती है। इसके तुरंत बाद फाइनल परीक्षा की तैयारी करनी पड़ती है।

इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। कई कॉलेजों में शिक्षकों की कमी के कारण नियमित कक्षाएं भी संचालित नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षा की तैयारी करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल रहा है।

इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। कई कॉलेजों में शिक्षकों की कमी के कारण नियमित कक्षाएं भी संचालित नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षा की तैयारी करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल रहा है।

रिजल्ट नहीं आने से विद्यार्थियों के सामने असमंजस

सातवें सेमेस्टर की परीक्षा दे चुके विद्यार्थी अब आठवें सेमेस्टर को लेकर परेशान हैं। छात्र सक्षम झा का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि फिलहाल किस विषय की तैयारी करें। जब सातवें सेमेस्टर का परिणाम ही जारी नहीं हुआ है, तो आगे की पढ़ाई को लेकर स्पष्टता कैसे आएगी।

शिक्षकों की कमी से मूल्यांकन में हो रही देरी

रांची विश्वविद्यालय में सातवें सेमेस्टर की परीक्षा अगस्त महीने में आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हुआ, लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी परिणाम घोषित नहीं हो सका है।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि सातवें सेमेस्टर की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से किया जा रहा है। शिक्षकों की कमी के कारण मूल्यांकन कार्य में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही रिजल्ट प्रकाशित कर दिया जाएगा।

समय पर सत्र पूरा करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता

परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार, स्नातक एनईपी के पहले बैच का सत्र समय पर पूरा कराने की तैयारी है। इसी वजह से सातवें सेमेस्टर का परिणाम जारी होने से पहले ही आठवें सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इससे विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

 

Share.
Next Story
सूरत में खौफनाक वारदात: मजदूरी करने आए परिवार को अगवा कर नहर में फेंका, दंपति व मासूम की मौत, दो बच्चे लापता
Exit mobile version