Bokaro: बोकारो के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक ही परिवार के तीन लोगों पर जानलेवा हमला किया गया। डीवीसी कॉलोनी के पश्चिमी पल्ली (पश्चिमी टोला) में अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गोलीबारी में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है।
घर में घुसते ही शुरू कर दी फायरिंग
घटना से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, अपराधी सेवानिवृत्त कर्मी नरेश सिन्हा (65) के घर में दाखिल हुए और फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने नरेश सिन्हा, उनकी पत्नी और उनके बेटे रोहित सिन्हा को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं।
अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे।
पति-पत्नी की मौत, बेटे की हालत गंभीर
फायरिंग में नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गोली लगने से उनका बेटा रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से रोहित को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
वारदात की जानकारी मिलते ही बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की छानबीन शुरू कर दी है और घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
नरेश सिन्हा एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और सेवानिवृत्त हो चुके थे।
हमलावर कौन थे, क्यों की फायरिंग? जांच जारी
फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और हमलावरों की पहचान भी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान रंजिश, लूटपाट और संपत्ति विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
एक ही परिवार के तीन लोगों को घर में घुसकर गोली मारे जाने की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अब हमलावरों तक पहुंचने और वारदात की वजह का पता लगाने में जुटी है।
इसे भी पढ़े – चक्रधरपुर में किराए के मकान में महिला सुपरवाइजर की हत्या, आरोपी युवक हिरासत में



