Tuesday, November 10

स्टेशन रोड पर सोमवार देर शाम हुआ हादसा, घायलों को सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती; तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा

जिले के मुख्यालय स्थित स्टेशन रोड पर सोमवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया।

आमने-सामने भिड़ीं दोनों मोटरसाइकिलें

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के वक्त एक मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर तीन युवक बैठे थे। दोनों मोटरसाइकिलों की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है। इसी दौरान स्टेशन रोड पर दोनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांचों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में एक युवक को मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सजल चंद्रवंशी के रूप में हुई है। वह लातेहार जिला मुख्यालय के दुरुआ का निवासी बताया जा रहा है। हादसे में घायल चार अन्य युवकों का इलाज जारी है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है और बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

तेज रफ्तार और हेलमेट नहीं पहनने की बात आई सामने

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों मोटरसाइकिलें काफी तेज गति से चल रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहनों पर नियंत्रण नहीं रख सके और दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले सजल के हेलमेट नहीं पहनने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लेकर मामले की छानबीन की जा रही है।

Share.
Next Story
टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर 15 किलो गांजा के साथ चार अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
Exit mobile version