साढ़े पांच साल से आश्वासन मिलने से नाराज किसानों ने आंदोलन तेज करने का लिया निर्णय, डीआरएम से मिलेंगे ग्रामीणों के प्रतिनिधि
पिस्कानगड़ी। रांची-लोहरदगा रेलमार्ग पर नगड़ी क्षेत्र में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन सामने आया। बुधवार सुबह नगड़ी समेत आसपास के कई गांवों के सैकड़ों किसान और ग्रामीण रेलवे लाइन के पास एकत्र हुए। लंबे समय से लंबित मांग पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन करते हुए करीब पांच मिनट तक ट्रेन रोक दी।
पांच साल से अधिक समय से उठ रही अंडरपास की मांग
प्रदर्शन में नगड़ी, नारो, देवरी, महतो टोली, कुडला टोली और तुसमू सहित कई गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास निर्माण की मांग पिछले साढ़े पांच वर्षों से लगातार उठाई जा रही है। इस दौरान कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।:बैठक में आंदोलन को लेकर बनी रणनीति
बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीण रेलवे लाइन के पास जुटे और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद हुई बैठक में आगे की रणनीति तय की गई। ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि एक प्रतिनिधिमंडल मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर अंडरपास निर्माण की मांग को रखेगा।
मांग पूरी नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि इस बार भी उनकी मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो रेलवे लाइन के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भी व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि अंडरपास निर्माण को लेकर निर्णय होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
साढ़े पांच वर्षों से लंबित मांग को लेकर अब ग्रामीणों ने आंदोलन तेज करने का संकेत दे दिया है। ऐसे में रेलवे प्रशासन की अगली पहल पर सभी की नजरें टिकी हैं।
