धनबाद पुलिस की मुठभेड़ और छापेमारी में हथियार व गोलियां बरामद
धनबाद: वासेपुर में फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों को गोली मारने के मामले में धनबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घटना का मुख्य शूटर चंदन ठाकुर घायल हो गया। उसके साथ प्रिंस नाम का एक अन्य अपराधी भी एनकाउंटर में घायल हुआ है। मुठभेड़ और छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
घटना के दिन की थी ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस के अनुसार, वासेपुर गोलीकांड में चंदन ठाकुर ने मुख्य शूटर की भूमिका निभाई थी। घटना वाले दिन उसने ताबड़तोड़ आठ राउंड फायरिंग की थी, जिसमें फहीम खान के भाई समेत तीन लोग गोली का शिकार हुए थे। एनकाउंटर के दौरान चंदन के पैर और कमर में गोली लगी है। घायल अपराधियों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस के रूप में हुई है।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ और छापेमारी के दौरान धनबाद पुलिस ने कुल चार अपराधियों को दबोचने में सफलता पाई। पकड़े गए अपराधियों के पास से अवैध हथियार और गोलियां बरामद की गई हैं।
