Tuesday, October 13

रांची, 23 अगस्त 2026। डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल की मेजबानी में आयोजित तीन दिवसीय डीएवी स्पोर्ट्स-2026 क्लस्टर III स्टेट लेवल प्रतियोगिता का रविवार को शानदार समापन हुआ। 21 से 23 अगस्त तक चली इस खेल स्पर्धा में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के करीब 1500 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में शूटिंग, कबड्डी, फुटबॉल, स्विमिंग, स्केटिंग, बिलियर्ड्स और स्नूकर समेत कई खेलों का आयोजन किया गया। विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल के प्राचार्य सह एआरओ एवं क्लस्टर इंचार्ज विपिन राय ने कहा कि “स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का विकास होता है।” उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी बराबर महत्व दिया गया है। उन्होंने संस्कृत के सूत्र “शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही किसी भी कार्य को बेहतर ढंग से करने का आधार है।

विपिन राय ने कहा कि डीएवी संस्था विद्यार्थियों को ज्ञान और विज्ञान के साथ-साथ बेहतर संस्कार देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता रहने वाली टीमें आगामी नेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगी।

शूटिंग में डीएवी हेहल का शानदार प्रदर्शन

शूटिंग प्रतियोगिता में डीएवी हेहल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 10 मीटर पिस्टल के मुकाबलों में अंडर-17 वर्ग में डीएवी हेहल और अंडर-19 वर्ग में डीएवी खूंटी ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं अन्य वर्गों में भी डीएवी हेहल और डीएवी खूंटी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।

10 मीटर ओपन साइट शूटिंग में अंडर-14 वर्ग में डीएवी खूंटी, अंडर-17 में डीएवी हेहल और अंडर-19 में डीएवी हेहल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शूटिंग के टीम और व्यक्तिगत दोनों वर्गों में डीएवी हेहल का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।

स्केटिंग और कबड्डी में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

स्केटिंग इनलाइन प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में डीएवी डालटनगंज ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-19 वर्ग में डालटनगंज एवं गिरिडीह के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि अंडर-17 वर्ग में डीएवी कपिलदेव, बरियातू एवं कोडरमा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।

कबड्डी के अंडर-19 बालक वर्ग में डीएवी गांधी नगर विजेता रहा, जबकि बालिका वर्ग में डीएवी कोयला नगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में डीएवी हेहल ने बाजी मारी। वहीं अंडर-17 बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में डीएवी इस्पात ने पहला स्थान हासिल किया।

फुटबॉल में डीएवी बुंडू और बोकारो का दबदबा

फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक वर्ग में डीएवी बुंडू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डीएवी हेहल उपविजेता रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में डीएवी बोकारो विजेता और डीएवी बिष्टुपुर उपविजेता रहा।

बिलियर्ड्स प्रतियोगिता में डीएवी कपिलदेव ने प्रथम और डीएवी हेहल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 बॉयज स्नूकर में डीएवी हजारीबाग (एसआर) और डीएवी बिष्टुपुर ने बेहतर प्रदर्शन किया।

खेल शिक्षकों और आयोजकों की रही अहम भूमिका

समापन समारोह में विद्यालय के सीनियर विंग के एसएचबी कार्तिक, इंचार्ज एमसीएम ब्लॉक अनुश्री, एनडीजी ब्लॉक की इंचार्ज शालिनी प्रसाद सहित विभिन्न खेल शिक्षक और आयोजन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

तीन दिनों तक चले इस राज्य स्तरीय आयोजन में खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और खेल शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर भी मिला।

Share.
Next Story
सावन के चौथे सोमवार पर पहाड़ी मंदिर में आस्था का अद्भुत संगम, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा रांची
Exit mobile version