रांची, 28 अगस्त 2026: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रांची पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए बालाश्रय और प्रेमाश्रय के बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात और कोतवाली एएसपी ने पांड्ररा स्थित बालाश्रय एवं चुटिया स्थित प्रेमाश्रय पहुंचकर बच्चों के साथ समय बिताया।
इस दौरान आश्रम के बच्चों ने पुलिस अधिकारियों की कलाई पर राखियां बांधीं। बच्चों ने अधिकारियों को अपना भाई और संरक्षक मानते हुए स्नेह और विश्वास का भाव व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की इच्छाओं के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बच्चों को उपहार भेंट किए और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि समाज के हर बच्चे को स्नेह, सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं संवेदनशीलता को भी मजबूत करते हैं।
रक्षाबंधन का यह आयोजन बच्चों के लिए खास और यादगार बन गया। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुःख में सहभागी बनना भी उसकी जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर स्थानीय थाना के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
