Saturday, October 24

धनबाद: पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में तालाब में डूबने से 28 वर्षीय युवक कल्याण चंद्र की मौत हो गई। वह सोमवार रात गांव के काली मंदिर के पास स्थित बनिया तालाब में नहाने गया था। इस दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। ग्रामीणों ने रात में उसकी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद तालाब से उसका शव बरामद किया गया।

रात में तलाश नाकाम, सुबह मिला शव

जानकारी के अनुसार, कल्याण चंद्र, पिता सुरेंद्र नाथ चंद्र, रात करीब आठ बजे बनिया तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। हालांकि, तालाब की गहराई और अंधेरा होने के कारण रात में उसका पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने फिर तलाश शुरू की और शव बरामद किया।

परिवार पर दोबारा टूटा दुखों का पहाड़

कल्याण चंद्र क्रेडो इंटरनेशनल स्कूल में वाहन चालक के रूप में काम करता था और परिवार का सहारा था। उसके पिता हलवाई का काम करते हैं। परिवार पहले भी एक बेटे को खो चुका है। कुछ साल पहले सर्पदंश से कल्याण के बड़े भाई की मौत हो गई थी। अब मंझले बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद रामपुर गांव में शोक का माहौल है।

Share.
Next Story
धनबाद में 2,536 नई योजनाओं का प्रस्ताव, DMFT की बैठक में विधायकों ने उठाए कई सवाल
Exit mobile version