रांची। रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) से संबद्ध 33 क्रिकेट क्लबों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने रविवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव से मुलाकात कर RDCA में पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराने की मांग की। क्लब प्रतिनिधियों ने इस संबंध में JSCA अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए जिला क्रिकेट संस्था की लंबे समय से लंबित चुनावी प्रक्रिया को फिर से बहाल कराने के लिए हस्तक्षेप की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि RDCA में करीब दो दशकों से चुनाव बैलेट के माध्यम से कराने के बजाय सर्वसम्मति से पदाधिकारियों के चयन की परंपरा चली आ रही है। अब संबद्ध क्लबों के सदस्यों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नियमित और लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया बहाल करने की मांग उठाई है।
JSCA अध्यक्ष ने सुनी क्लब प्रतिनिधियों की बात
मुलाकात के दौरान JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल क्लब पदाधिकारियों से बातचीत की और सदस्यों से परिचय लिया। उन्होंने क्लब प्रतिनिधियों की पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी। चुनाव कराने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहदेव ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव कराने की मांग पूरी तरह जायज है। हालांकि, उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को सलाह दी कि वे अपनी चिंताओं और मांगों से RDCA अध्यक्ष अविनाश कुमार को भी औपचारिक रूप से अवगत कराएं।
इससे पहले क्लब प्रतिनिधियों ने अजय नाथ शाहदेव को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया।
JSCA सचिव सौरभ तिवारी से भी मिले क्लब प्रतिनिधि
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने JSCA के सचिव एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी से भी मुलाकात की। क्लब प्रतिनिधियों ने उनसे RDCA में जल्द चुनाव कराने की प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया। सौरभ तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं को सुना और आश्वासन दिया कि वे इस मामले में RDCA के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। उन्होंने उचित निष्कर्ष तक पहुंचने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
RDCA में चुनावी प्रक्रिया फिर चर्चा में
33 संबद्ध क्रिकेट क्लबों के एक साथ चुनाव की मांग उठाने के बाद रांची जिला क्रिकेट संघ में चुनावी प्रक्रिया का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। क्लब प्रतिनिधियों का कहना है कि जिला क्रिकेट संस्था में पदाधिकारियों के चयन के लिए नियमित, पारदर्शी और लोकतांत्रिक व्यवस्था होनी चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद RDCA से जुड़े क्लबों में चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ी है और अब बड़ी संख्या में संबद्ध क्लब अपने प्रतिनिधियों के चयन के लिए औपचारिक चुनावी व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़े: बुंडू के अमनबुरु में बासुदेब चैटर्जी स्मृति फाउंडेशन की पहल, ग्रामीणों को बांटी जरूरत की सामग्री


