रांची। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर शुक्रवार को भाकृअनुप–राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, नामकुम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान संस्थान में मौजूद 415 किसानों ने कार्यक्रम में भाग लिया और केंद्र सरकार की कृषि योजनाओं एवं किसान कल्याण से जुड़ी पहलों की जानकारी प्राप्त की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात से पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के लगभग 9.34 करोड़ किसानों के खातों में करीब 18,700 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात में विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।
कृषि क्षेत्र में 12 वर्षों की उपलब्धियों का किया जिक्र
कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित करते हुए पिछले 12 वर्षों में कृषि एवं इससे जुड़े क्षेत्रों में हुई प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवधि में देश में दूध उत्पादन लगभग 1.6 गुना बढ़ा है। इसमें पशुओं की नस्ल सुधार, वैज्ञानिक अनुसंधान, विकास और समय पर टीकाकरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रधानमंत्री ने मधुर क्रांति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत शहद उत्पादन के क्षेत्र में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश बन गया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में देश का समुद्री खाद्य निर्यात भी दोगुना हुआ है।
कृषि अनुसंधान और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम के बाद संस्थान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने संस्थान के भ्रमण पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों की ओर से किए गए स्वागत के लिए आभार जताया।
केंद्रीय मंत्री ने कृषि अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। किसानों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति उन्हें जागरूक करना जरूरी है।
कार्यक्रम में शामिल 415 किसानों को पीएम-किसान योजना की किस्त जारी होने का सीधा प्रसारण देखने के साथ कृषि विकास, आधुनिक तकनीकों और किसान कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।


