जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र का मामला, 50-50 हजार रुपये का ऋण दिलाकर पूरी रकम लेने का आरोप; किस्त नहीं चुकाने पर पुलिस कार्रवाई की धमकी

जामताड़ा/रांची: झारखंड के जामताड़ा जिले में ऋण माफी और मुफ्त सिलाई मशीन देने का झांसा देकर पांच आदिवासी महिलाओं से 2.10 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिलाओं को पहले 50-50 हजार रुपये का ऋण दिलाया गया। इसके बाद उन्हें भरोसा दिया गया कि उनका पूरा ऋण माफ करा दिया जाएगा और सिलाई मशीन भी दी जाएगी। इस झांसे में आकर महिलाओं ने अपने नाम पर मिले ऋण की पूरी राशि आरोपियों को सौंप दी। अब उन्हीं महिलाओं पर ऋण की किस्त जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोहारंगी गांव का है। पीड़ित महिलाओं में से एक ने नारायणपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दुर्गापूजा ऑफर का दिया गया झांसा
शिकायत के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को जामताड़ा थाना क्षेत्र के मेझिया गांव की ममता सोरेन और फेजान नाम का व्यक्ति एक वाहन से लोहारंगी गांव पहुंचे थे। दोनों ने गांव की पांच महिलाओं को ऋण दिलाने का भरोसा दिया।
आरोप है कि उन्होंने महिलाओं को बताया कि दुर्गापूजा के अवसर पर विशेष ऑफर चल रहा है। इसके तहत 50 हजार रुपये का ऋण लेने पर आठ हजार रुपये की सिलाई मशीन मुफ्त दी जाएगी। यदि कोई महिला सिलाई मशीन नहीं लेना चाहती है, तो उसे आठ हजार रुपये नकद दिए जाएंगे। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया कि बाद में पूरा ऋण माफ हो जाएगा और महिलाओं को उसकी किस्त जमा नहीं करनी पड़ेगी।
पहले ऋण दिलाया, फिर पूरी रकम ले ली
महिलाओं की शिकायत के मुताबिक, 30 सितंबर को फेजान पांचों महिलाओं को जामताड़ा ले गया। वहां स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड की शाखा में उनके नाम पर ऋण के लिए आवेदन कराया गया। इसके बाद प्रत्येक महिला को 50-50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ।
आरोप है कि ऋण की राशि लेकर महिलाएं अपने घर पहुंचीं, जिसके बाद ममता सोरेन और फेजान दोबारा गांव आए। दोनों ने सिलाई मशीन के ऑफर के नाम पर प्रत्येक महिला से आठ हजार रुपये काटकर शेष 42 हजार रुपये ले लिए। इस तरह पांचों महिलाओं से कुल 2.10 लाख रुपये ले लिए गए।
किस्त मांगने पहुंचे तो हुआ ठगी का एहसास
महिलाओं का आरोप है कि 7 नवंबर को फेजान फिर से लोहारंगी गांव पहुंचा और उनसे ऋण की किस्त जमा करने की मांग करने लगा। किस्त नहीं देने पर पुलिस कार्रवाई कराने की धमकी भी दी गई। इसके बाद महिलाओं को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।
महिलाओं का कहना है कि उन्हें ऋण माफी और सिलाई मशीन देने का भरोसा दिया गया था, लेकिन न तो उनका ऋण माफ हुआ और न ही उन्हें सिलाई मशीन मिली। उल्टा अब ऋण की किस्त चुकाने का दबाव बनाया जा रहा है।
पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग
इस मामले में एक पीड़ित महिला ने नारायणपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के साथ ममता सोरेन और फेजान के मोबाइल नंबर तथा कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए वाहन का नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। महिला ने पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और कार्रवाई को लेकर आगे की स्थिति सामने आनी बाकी है।


