पलामू: MMCH के आसपास संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर शुक्रवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। चर्चित J. Sharan जांच घर एवं स्कैनिंग समेत 6 स्वास्थ्य संस्थानों को मौके पर ही सील कर दिया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नेतृत्व में हुए औचक निरीक्षण में लाइसेंस, पंजीकरण, डॉक्टरों की उपलब्धता, जांच व्यवस्था और मेडिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के अनुपालन की पड़ताल की गई।
जांच के दौरान कई जगह ऐसी अनियमितताएं मिलीं, जिन पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। कहीं पर्ची पर डॉक्टर का नाम किसी और का था, लेकिन जांच कोई दूसरा कर रहा था, तो कहीं दवा दुकान में जरूरी फार्मासिस्ट ही मौजूद नहीं मिला।
J. Sharan जांच घर समेत इन 6 संस्थानों पर कार्रवाई…
प्रशासन की कार्रवाई में न्यू पम्मी हेल्थ क्लीनिक, रानी मेडिकल, पाटलिपुत्र जांच घर, जे. शरण जांच घर एवं स्कैनिंग, एमएसडी लैब और अपोलो डायग्नोस्टिक को सील किया गया।
औचक निरीक्षण का मकसद यह जांचना था कि एमएमसीएच के आसपास संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थान निर्धारित नियमों और जरूरी लाइसेंस के साथ काम कर रहे हैं या नहीं।
पर्ची पर डॉक्टर कोई और, जांच कर रहा था कोई और
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम को सबसे गंभीर अनियमितताओं में से एक यह मिली कि कुछ संस्थानों में जांच के लिए जारी पर्ची पर एक डॉक्टर का नाम दर्ज था, जबकि जांच किसी दूसरे डॉक्टर द्वारा की जा रही थी।
उपायुक्त ने इसे गंभीर मामला मानते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कहीं दवा दुकान में फार्मासिस्ट ही नहीं
जांच के दौरान कुछ दवा दुकानों की भी पड़ताल की गई। यहां आवश्यक फार्मासिस्ट के उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद डीसी ने फार्मेसी के लाइसेंस, उसकी वैधता, फार्मासिस्ट की योग्यता और उसकी उपलब्धता समेत सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच के निर्देश दिए।
टीम को देखते ही शटर गिराकर भागा संचालक
औचक निरीक्षण के दौरान एमएमसीएच परिसर में अवैध तरीके से जांच घर संचालित करने वाला एक व्यक्ति प्रशासनिक टीम को देखते ही शटर गिराकर मौके से फरार हो गया।
इस मामले में भी उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
डीसी का साफ संदेश- नियम तोड़े तो कार्रवाई होगी
कार्रवाई के बाद उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध तरीके से स्वास्थ्य संस्थान चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
शुक्रवार की इस कार्रवाई के बाद एमएमसीएच के आसपास संचालित निजी जांच घरों, क्लीनिक और दवा दुकानों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन अब यह भी देख रहा है कि कहीं दूसरे संस्थानों में भी इसी तरह की अनियमितताएं तो नहीं चल रही हैं।
इसे भी पढ़े – क्या अब स्कूलों में ‘रेनी डे’ की छुट्टी बंद हो गई है ?
